Only Son Died In Road Accident: राजस्थान के कोटा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। बहन की शादी से पहले ही इकलौते भाई की मौत से घर में कोहराम मच गया।
Accident On State Highway 120: कोटा इटावा में स्टेट हाईवे 120 बारां-लालसोट पर चम्बल नदी के गैंता पुल पर दो बाइक में आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसमें कोटा खुर्द जिला बूंदी निवासी शिवम मीणा (21) की मौके पर ही मौत हो गई। शिवम मीणा की बहन की शादी 19 अप्रेल को होनी थी जिससे पहले ही इकलौते भाई की दर्दनाक मौत हो गई। ऐसे में बहन की डोली उठने से पहले अब भाई की अर्थी उठेगी। वहीं अक्षय मीणा (23) निवासी किशनबास थाना इटावा और भीमसिंह गुर्जर (40) निवासी सवाईमाधोपुर घायल हो गए।
दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद इटावा उपजिला अस्पताल से गंभीर स्थिति में कोटा रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। उपनिरीक्षक उम्मेद सिंह यादव ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।
हादसा इतना खतरनाक था कि दोनों बाइक उछलकर 10 फीट दूर जाकर गिरी। बाइक सवार रेलिंग की दीवार से जा टकराए। अगर हेलमेट लगाए हुए होते तो मौत नहीं होती।
शिवम मीना पुत्र त्रिलोकचंद कोटा खुर्द निवासी अपने घर का इकलौता चिराग था। दो बहनों के बीच इकलौता भाई था। शिवम के घर में उसकी बहन की शादी की तैयारी चल रही थी, 13 अप्रेल को बहन का लग्न आया था और 19 अप्रेल को शादी है। घर में तैयारियां चल रही थी और वह बुधवार को सुबह घर से झोपड़ियां श्योपुर मध्यप्रदेश अपनी बड़ी बहन को लेने के लिए गांव से बाइक पर गया था। चंबल पुल पर यह हादसा हो गया। शिवम की भी करीब एक वर्ष पूर्व ही शादी हुई थी। घटना के बाद घर और गांव में मातम छा गया।
किशनबास निवासी अक्षय मीना पुत्र बुद्धिप्रकाश मीना अपने घर से बाइक पर टोंक जा रहा था, जिसका आइटीआइ का पेपर था। चंबल पुल पर दुर्घटना में घायल हो गया। अक्षय की बाइक पर भीमसिंह गुर्जर निवासी सवाईमाधोपुर ने इटावा से लिफ्ट ली थी। उसे लबान तक जाना था और वह भी दुर्घटना में घायल हो गया।