कोटा

Rajasthan Roadways: कोटा से जोधपुर, उदयपुर, दिल्ली और अहमदाबाद के लिए दौड़ेंगी एसी बसें

यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए राजस्थान रोडवेज ने कोटा से प्रमुख शहरों के लिए नई वातानुकूलित (एसी) बस सेवाएं शुरू करने की तैयारी तेज कर दी है।

2 min read
Jun 22, 2026
rajasthan-roadways-ac-sleeper-bus
राजस्थान रोडवेज की एसी स्लीपर बस। फोटो: पत्रिका

कोटा। यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए राजस्थान रोडवेज ने कोटा से प्रमुख शहरों के लिए नई वातानुकूलित (एसी) बस सेवाएं शुरू करने की तैयारी तेज कर दी है। इसके लिए रोडवेज प्रशासन ने टेंडर जारी कर दिए हैं। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही रोडवेज के बेड़े में नई एसी और स्लीपर बसें शामिल की जाएंगी। इन बसों के संचालन से यात्रियों को अधिक आरामदायक और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा।

जानकारी के अनुसार, रोडवेज की ओर से कोटा से दिल्ली, जोधपुर, उदयपुर और अहमदाबाद मार्गों पर नई वातानुकूलित बसों का संचालन प्रस्तावित है। वर्तमान में इन मार्गों पर यात्रा करने वाले यात्रियों को निजी बसों पर अधिक निर्भर रहना पड़ता है। नई एसी बसों के संचालन से रोडवेज सेवाएं मजबूत होंगी तथा यात्रियों को सुरक्षित और किफायती यात्रा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

यात्रियों को बड़ी राहत

रोडवेज अधिकारियों के अनुसार, बढ़ती यात्री संख्या और लगातार मिल रही मांग को देखते हुए इन मार्गों का चयन किया गया है। विशेष रूप से दिल्ली और अहमदाबाद जैसे लंबी दूरी के रूटों पर वातानुकूलित और स्लीपर बसों की मांग काफी समय से बनी हुई थी। नई बसों के शामिल होने से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

जल्द बेड़े में शामिल होंगी बसें

रोडवेज के चीफ मैनेजर घनश्याम शर्मा ने बताया कि टेंडर जारी होने के बाद बसों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा अनुबंध प्रक्रिया पूरी करने की कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से नई बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि रोडवेज का प्रयास यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराना है। प्रस्तावित बसों में आरामदायक सीटें, वातानुकूलित केबिन, बेहतर सुरक्षा व्यवस्था तथा लंबी दूरी की यात्रा के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

चीफ मैनेजर ने कहा कि नई एसी और स्लीपर बसों के संचालन से न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि रोडवेज की आय में भी वृद्धि होने की संभावना है। आगामी महीनों में टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। इससे कोटा संभाग के यात्रियों को प्रदेश और अन्य राज्यों के प्रमुख शहरों तक सुगम, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का नया विकल्प उपलब्ध हो सकेगा।

Published on:
22 Jun 2026 02:58 pm