Weather Forecast: राजस्थान में इन दिनों कोहरे और ठंडी हवाओं का असर बढ़ गया है। कोटा शहर में सुबह अचानक कोहरे के कारण दृश्यता कम हो गई, और इसके साथ ही सर्दी भी बढ़ी।
Kota Weather Update: कोटा शहर में सुबह अचानक कोहरे ने मौसम का मिजाज बदल दिया। इससे दृश्यता कम हो गई। कोहरे की शुरुआत के साथ ही सर्दी ने जोर पकड़ लिया। सड़क पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। बाजारों में लोगों की आवाजाही भी कम रही। सुबह 11 बजे तक हल्का कोहरा छाया रहा। उसके बाद धूप निकली।
ठंडी हवा भी चलती रही। शाम होते ही ठंडी हवा के चलते सर्दी का असर और तेज हो गया। रात के समय लोग अलाव जलाकर सर्दी से बचने का जतन करते दिखे। कोटा का अधिकतम तापमान 27.2 व न्यूनतम तापमान एक डिग्री बढ़कर 12.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के अनुसार नवंबर में आगामी सप्ताह में राजस्थान के उत्तरी भागों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री सेल्सियस नीचे रहने की संभावना है। दूसरे सप्ताह के दौरान प्रदेश के उत्तरी और पश्चिमी क्षेत्रों में तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री तक नीचे जा सकता है, जबकि शेष भागों में यह गिरावट 1 से 2 डिग्री तक रह सकती है। वहीं ठंडी हवाओं और कोहरे का दौर जारी रहेगा।
तापमान कम होने पर रात में जमीन तेजी से ठंडी हो जाती है। इसके संपर्क में आने वाली हवा भी ठंडी हो जाती है। जब हवा का तापमान उसके डे-पॉइंट (ओसांक) तक पहुंच जाता है तो हवा में मौजूद नमी पानी की बेहद छोटी बूंदों में बदल जाती है। यही कोहरा बन जाता है।
हवा में ज्यादा नमी हो तो कोहरा जल्दी बनता है: नदियों, तालाबों, खेतों वाले क्षेत्रों में नमी अधिक होती है। यहां कोहरा ज्यादा बनता है।
हवा का धीमा चलना: यदि हवा बहुत धीमे चले या बिल्कुल शांत हो तो नमी हवा में ही ठहर जाती है और कोहरा घना दिखाई देता है।
रात साफ हो तो कोहरा बढ़ता है: साफ आसमान वाली रातों में धरती का तापमान तेजी से गिरता है। इससे सुबह कोहरा घना हो जाता है।