
कोटा। सूरत से मथुरा जा रही गोल्डन टेंपल मेल में शुक्रवार को उस समय खुशियों का माहौल बन गया, जब सफर के दौरान एक महिला यात्री ने शिशु को जन्म दिया। नागदा-शामगढ़ रेलखंड के बीच अचानक प्रसव पीड़ा शुरू होने पर ट्रेन में मौजूद यात्रियों ने रेलवे कर्मचारियों से मदद मांगी। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन सक्रिय हुआ और कोटा स्टेशन पर चिकित्सकों की टीम तैनात कर दी गई। ट्रेन के पहुंचते ही डॉक्टरों ने मां और नवजात की जांच कर जरूरी उपचार दिया। इसके बाद आगे की यात्रा के दौरान महिला की तबीयत दोबारा बिगड़ने पर गंगापुर सिटी में रेलवे चिकित्सा दल ने मोर्चा संभाला। दोनों को एंबुलेंस से राजकीय अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के मुताबिक जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि 28 वर्षीय निशा देवी अपने पति रतन साहनी के साथ सूरत से मथुरा जा रही थीं। दोनों का आरक्षण ट्रेन संख्या 12903 गोल्डन टेंपल मेल के कोच बी-5 की सीट नंबर 31 पर था। यात्रा के दौरान नागदा और शामगढ़ के बीच निशा को अचानक प्रसव पीड़ा होने लगी। स्थिति को देखते हुए आसपास बैठे यात्रियों ने ड्यूटी पर तैनात टीटीई केके मीना और बलराम मीना को इसकी जानकारी दी। दोनों टीटीई ने बिना देर किए रेलवे के संबंधित अधिकारियों को सूचना दी और चिकित्सा सहायता की व्यवस्था शुरू कराई। इसी बीच महिला ने ट्रेन में ही शिशु को जन्म दिया। सूचना के आधार पर कोटा रेलवे स्टेशन पर डॉक्टरों की टीम को पहले से तैयार रखा गया था।
ट्रेन के कोटा पहुंचने पर चिकित्सकों ने महिला और नवजात का प्राथमिक परीक्षण किया तथा आवश्यक उपचार दिया। शुरुआती जांच में दोनों की स्थिति सामान्य मिलने पर यात्रियों की सहमति से आगे की यात्रा जारी रखने की अनुमति दी गई। हालांकि, सफर के दौरान महिला को फिर स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने लगी। इसकी सूचना मिलने पर रेलवे प्रशासन ने गंगापुर सिटी स्टेशन पर चिकित्सा सहायता की व्यवस्था की।
उपमंडल रेलवे चिकित्सालय के डॉ. असलम अंसारी और वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. सत्यवीर डूडी एंबुलेंस के साथ स्टेशन पहुंचे। दोनों चिकित्सकों ने महिला और नवजात को प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद बेहतर चिकित्सा देखभाल के लिए उन्हें एंबुलेंस से राजकीय अस्पताल भिजवाया गया। चलती ट्रेन में प्रसव की सूचना मिलने से कुछ समय के लिए यात्रियों में चिंता का माहौल रहा, लेकिन रेलवे कर्मचारियों और चिकित्सकों की तत्परता से महिला और नवजात को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सकी।