
बारां रोड फोरलेन हाइवे पर कोटा से भंवरगढ़ तक 104 किमी सड़क पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है। इसके नवीनीकरण की तय समय सीमा निकलने के तीन साल बाद भी नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) संवेदक से काम नहीं करवा पा रहा है। सड़क कई जगहों पर गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। इससे वाहन चालकों की जान पर बन आती है। जहां इस सड़क पर 100 किमी चलने में सवा से डेढ़ घंटे का समय लगता था, अब 70 किमी दूर बारां जाने में दो घंटे लग रहे हैं। सड़क ठीक कराने के बजाय एनएचएआई की ओर से सीमलिया व फतेहपुर में टोल वसूली लगातार जारी है। दूसरी तरफ संवेदक कोटा-बारां टोलवेज लिमिटेड इस सड़क के निर्माण को ही घटिया बता रहा है। दूसरी तरफ एनएचएआई के अधिकारी संवेदक को टर्मिनेट करने के लिए मंत्रालय फाइल भेजने की बात कह रहे हैं।
हर पांच साल में होना है नवीनीकरण
केन्द्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्रालय के नियमों के मुताबिक राष्ट्रीय राजमार्गों का तीन साल में नवीनीकरण होना होता है, लेकिन इस सड़क के 2009 में हुए अनुबंध में पांच साल में नवीनीकरण की शर्त है। इसके मुताबिक नवीनीकरण 2014 में होना था, लेकिन कोटा से भंवरगढ़ तक की सड़क का नवीनीकरण नहीं हुआ। टोल वसूल रही कंपनी ने केवल कुछ हिस्सों की मरम्मत की है।
Read More: 12 साल बाद गुरु बदलेगा घर, लाएगा अच्छी खबर
संवेदक के कारण सड़क खराब हुई, टर्मिनेट करेंगे
एनएचएआई राजस्थान के महाप्रबंधक मुकेश कुमार जैन ने बताया कि संवेदक की गलती से ही सड़क खराब हुई है। जब उसने काम संभाला था, तब लिखकर दिया था कि सड़क ठीक है। उसे कई बार नवीनीकरण के लिए लिखा और नोटिस दिए। संवेदक ने इंजीनियरिंग कॉलेज से जांच करवा झूठी रिपोर्ट तैयार कर मंत्री नीतिन गडकरी को रिप्रजेंटेशन दिया था। मंत्री गडकरी के निर्देश पर हाइपावर कमेटी ने इस साल जनवरी में सड़क की जांच की। उसकी रिपोर्ट में सड़क का केवल 8 से 10 किमी हिस्सा खराब माना गया। इसके बाद मंत्री गडकरी की अध्यक्षता में मीटिंग हुई। उन्होंने संवेदक को नवीनीकरण के निर्देश भी दिए। इसके बावजूद 10 से 12 किमी तक सड़क का नवीनीकरण किया और काम बंद कर दिया। हमने संवेदक को टोल बंद करने को भी कहा। अब उसके टर्मिनेशन का प्रस्ताव बनाकर मंत्रालय भेज दिया है।
एनएचएआई ने सड़क ही घटिया बनवाई
कोटा-बारां टोलवेज लिमिटेड के चीफ मैनेजर एस.पी. पाण्डेय का कहना है कि इस सड़क का निर्माण ही घटिया हुआ था। सड़क में डिफेक्ट है। बारां से सीमलिया के बीच 2012 में ही हुई बारिश से पूरी रोड सेटल यानी दब गई। इसकी जांच एसबीएनआईटी इंजीनियरिंग कॉलेज सूरत से करवाई थी। साथ ही, सेंट्रल रोड रिसर्च इंस्टीट्यूट से जांच करवाने को लिखा, इसके बावजूद एनएचएआई ने जांच नहीं करवाई। यह क्लेम एनएचएआई ने फाइनल नहीं किया है। हम सड़क पर नवीनीकरण करेंगे तो फिर सड़क खराब हो जाएगी।
Read More: मौत के बाद आ रही है स्वाइन फ्लू की जांच रिपोर्ट
असल माजरा यह
संवेदक दोनों टोल का हर माह एनएचएआई को करीब 1.33 करोड़ जमा करवा रहा है, लेकिन टोल वसूली करीब तीन करोड़ रुपए मासिक ही हो रही है। इससे संवदेक आर्थिक नुकसान बताकर नवीनीकरण नहीं कर रहा है। शर्तों के अनुसार कम से कम 25 एमएम की डामर लेयर उसे बिछानी होगी। इसमें 50 करोड़ रुपए खर्च अनुमानित है।