Wife Killed Husband With Lover: घटना वाले दिन पत्नी दीपिका शर्मा ने अपने प्रेमी देवेश शर्मा को घर बुलाया था। देवेश अपने एक साथी विष्णु सिंह को भी साथ लेकर आया। तीनों ने मिलकर घर पर शराब पार्टी की।
Retired Soldier Murder Case: कोटा। शहर के आरकेपुरम थाना क्षेत्र में रिटायर्ड फौजी मनोज शर्मा की हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि इस वारदात की साजिश खुद पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर रची थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ जारी है।
पुलिस के अनुसार घटना वाले दिन पत्नी दीपिका शर्मा ने अपने प्रेमी देवेश शर्मा को घर बुलाया था। देवेश अपने एक साथी विष्णु सिंह को भी साथ लेकर आया। तीनों ने मिलकर घर पर शराब पार्टी की। इसी दौरान किसी बात को लेकर मनोज शर्मा और आरोपियों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक विवाद में बदल गई।
जांच में सामने आया कि विवाद के बाद तीनों आरोपियों ने मिलकर मनोज शर्मा का गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद शव को पलंग पर लिटा दिया ताकि मामला सामान्य मौत का लगे। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
1 मई को मनोज शर्मा का शव घर में मिला था। गले पर निशान मिलने के बाद परिजनों को हत्या का संदेह हुआ। तब पुलिस को सूचना दी और टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर सबसे पहले पत्नी दीपिका को हिरासत में लिया। पूछताछ में मिले सुरागों के बाद विष्णु सिंह को कोटा से गिरफ्तार किया जबकि मुख्य आरोपी देवेश शर्मा को करौली के हिंडौन से पकड़ा गया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि दीपिका के देवेश के साथ अवैध संबंध थे । पति इस रिश्ते में बाधा बन रहा था, जिसके चलते उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची गई। दोनों के बच्चे भी है । जिनके सिर से अब पिता का साया उठ गया है । वहीं मां को पुलिस रिमांड पर भेज दिया है । हत्या के बाद आरोपियों ने जल्द अंतिम संस्कार की तैयारी कर साक्ष्य मिटाने की कोशिश की लेकिन मृतक के पिता की आशंका और पुलिस की सतर्कता से मामला उजागर हो गया ।