
कोटा. जिले की सुकेत नगर पालिका में अध्यक्ष पद के चुनाव का मुकाबला बेहद करीबी रहा। भाजपा के जितेंद्र चोपड़ा ने कांग्रेस के उमरदीन खान को सिर्फ एक वोट के अंतर से हराकर जीत दर्ज की। जितेंद्र चौपड़ा को 13 वोट मिले, जबकि उमरदीन खान के खाते में 12 वोट आए। इस जीत के साथ जितेंद्र चौपड़ा सुकेत नगर पालिका के पहले अध्यक्ष बन गए। मतदान के दौरान दोनों दलों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली।
सुकेत नगर पालिका में कुल 25 वार्ड हैं। चुनाव नतीजों में कांग्रेस को 11, भाजपा को 10 और निर्दलीय उम्मीदवारों को 4 वार्ड में जीत मिली थी। अध्यक्ष पद के लिए 13 वोट का बहुमत जरूरी था। ऐसे में चार निर्दलीय पार्षदों की भूमिका अहम हो गई थी। भाजपा ने निर्दलीय पार्षदों का समर्थन जुटाकर बहुमत का आंकड़ा हासिल किया और जितेंद्र चोपड़ा अध्यक्ष बनने में सफल रहे।
सुकेत के लिए यह चुनाव इसलिए भी खास रहा क्योंकि नगर पालिका बनने के बाद यहां पहली बार अध्यक्ष चुना गया है। नतीजे सामने आने के साथ ही सुकेत नगर पालिका के पहले अध्यक्ष की तस्वीर साफ हो गई और भाजपा को बोर्ड की कमान मिल गई।
जितेंद्र चोपड़ा ने इस चुनाव में अध्यक्ष पद तक पहुंचने से पहले वार्ड नंबर 7 से पार्षद का चुनाव जीता था। भाजपा के टिकट पर मैदान में उतरे चौपड़ा को 268 वोट मिले थे। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी राम भरोस को 171 वोटों के अंतर से हराया था। वार्ड स्तर पर मिली इस जीत के बाद पार्टी ने उन्हें अध्यक्ष पद के लिए मैदान में उतारा, जहां उन्होंने एक बार फिर जीत दर्ज कर सुकेत नगर पालिका की कमान अपने हाथ में ले ली।
खबर अपडेट की जा रही है...