हाड़ौती में एक बार फिर मौसम का मिजाज बिगड़ने लगा है। पिछले आठ दिनों में सूरज ने ऐसी आंखें तरेरी कि पारा 7 डिग्री ऊपर चढ़ गया।
सावन के आखिर में झमाझम बरसे बादलों ने ठंड का एहसास करा दिया था। हाड़ौती के कई इलाकों में तो बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए। रक्षाबंधन तक पूरे इलाके में झमाझम बारिश का दौर जारी रहा, लेकिन इसके बाद बादलों ने ऐसी बेरुखी दिखाई कि लोग एक बूंद पानी के लिए तरस गए। रक्षाबंधन के बाद बारिश के गायब होने से पूरे इलाके में उमस भरी गर्मी का दौर शुरू हो गया जो अब लगातार बढ़ रहा है।
आठ दिन में चढ़ा पारा
पिछले आठ दिनों की बात करें बादल तो रोज छाए, लेकिन बारिश एक भी दिन नहीं हुई। ऊपर से सूरज भी आखें तरेरने लगा। जिसके चलते पिछले आठ दिनों में अकेले कोटा का पारा सात डिग्री सेल्सियस तक चढ़ गया। बरसात नहीं होने व तेज धूप के चलते कोटा शहर में उमस भी खासी बढ़ गई है। जिसके चलते दिन ही नहीं रात भी खासी गर्म रहने लगी हैं।
फिर से चलने लगे कूलर-एसी
तेज बारिश के बाद सर्द हुए मौसम के चलते एक अगस्त से लेकर 10 अगस्त तक जहां कूलर और एसी तकरीबन पूरी तरह से बंद हो गए, वहीं रक्षाबंधन के बाद गर्मी बढ़ने से लोगों को फिर से इसका इस्तेमाल शुरू करना पड़ गया है। हालांकि डेंगू का प्रकोप बढ़ने से लोग कूलर चलाने से बचने की कोशिश करते रहे, लेकिन तेज गर्मी के चलते लोगों को कूलरों में फिर से पानी भरना ही पड़ा।
गुलजार हुए पिकनिक स्पॉट
अचानक गर्मी बढ़ने के बाद हाड़ौती के पिकनिक स्पॉट्स पर लोगों की भीड़ भी बढ़ने लगी है। बरधा बांध, भैंसरोड़ गढ़, जवाहर सागर और भंवरकुंज जैसी जगहों पर लोग पानी में अटखेलियां कर गर्मी से बचने की कोशिश में जुटे हैं।
हाड़ौती में फिर चढ़ा पारा
दस अगस्त को को कोटा का अधिकतम तापमान 27.7 डिग्री था, जो शुक्रवार को 34.1 डिग्री सेल्सियस हो गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 25.9 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा। गुरुवार को तो पारा और भी ज्यादा चढ़ गया था। गुरुवार को कोटा में अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं बारां जिले में दिनभर तेज धूप रही। उमस व गर्मी से जनजीवन बेहाल रहा। अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बूंदी जिले में तेज धूप का असर रहा। जिसके चलते अधिकतम तापमान 36.5 और न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। झालावाड़ जिले का अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं हवा की रफ्तार 8.7 किमी प्रतिघंटा रही।