कोटा

मां से खाना बनाने का बोल कर गया था मंयक, घर वापस उसका शव आया

मां रोटी बना दो बोल कर घर के बाहर बैठा मंयक अचानक हुआ गायब। नहर में मिला शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका।
2 min read
• •
Updated: 18 Dec 2017, 4:12 PM IST
Crime, Crime in Kota, Kunhdi police station, Dera Sacha Sauda, Post-mortem, Fear of murder, Suicide, Suicide note, Railway colony, Murder, Kota, Kota Patrika, Kota Patrika News, Rajasthan Patrika
नहर में शव मिला

कोटा . कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र के सकतपुरा निवासी मयंक शर्मा (22) पुत्र कृष्ण शर्मा का शव रविवार को डेरा सच्चा सौदा आश्रम के पास नहर में मिला है। कुन्हाड़ी पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक के परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। मयंक के मामा गोविंद गौतम ने बताया कि 15 दिसम्बर को मयंक घर के बाहर बैठा था। इसके बाद वह अचानक गायब हो गया।

मैं बाहर बैठा हूं, खाना बना दो

उन्होंने कहा कि वह एक कोचिंग संस्थान में कम्प्यूटर ऑपरेटर था। शुक्रवार को वह घर आया तो उसने मां से कहा कि रोटी बना दो में बाहर बैठा हूं। उसके बाद वह सामने वालों के यहां चला गया। वहां से भी वापस आकर बाहर बैठ गया और मोबाइल पर बात करने लगा। कुछ देर बाद मयंक लापता हो गया और उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ हो गया। उसने सुसाइड किया होता तो सुसाइड नोट मिलता, लेकिन एेसा कुछ नहीं है। उन्होंने इस मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की है।

भदाना में हुई हत्या का मामला

भदाना स्थित गांवड़ी हाल पुरानी रेलवे कॉलोनी निवासी विनय मीणा उर्फ कालू की हत्या के मामले में गिरफ्तार भदाना निवासी राकेश उर्फ कग्गल को रेलवे कॉलोनी थाना पुलिस ने रविवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 20 दिसम्बर तक रिमांड पर सौंप दिया। थानाधिकारी शिवराज गुर्जर ने बताया कि रिमांड के दौरान जिस हथियार से हत्या की गई, उसकी बरामदगी व अन्य पहलुओं पर पूछताछ की जाएगी।

ग्रामीणों ने राजावत की कार रोकी

कालू की हत्या के मामले में उसके पिता धन्नालाल ने कहा कि हम पुलिस जांच से संतुष्ट नहीं हैं। पुलिस बता रही है कि विनय की हत्या राकेश चौबदार ने की। पहले पुलिस 4-5 लोगों को हत्या में शामिल बता रही थी, लेकिन अब राकेश को हत्यारा बता रही है। ग्रामीणों ने गांवड़ी में रास्ता जाम कर दिया। इस दौरान वहां आए लाडपुरा विधायक भवानीसिंह राजावत को भी लोगों ने नहीं निकलने दिया। उनकी कार के आगे ग्रामीण जमा हो गए। राजावत ने ग्रामीणों को निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया, तब जाकर उन्हें जाने दिया। मृतक के ममेरे भाई लोकेश मीणा ने बताया कि विधायक के साथ सोमवार को ग्रामीण कलक्ट्रेट पर एकत्र होकर, आईजी से मिलने जाएंगे।

Published on: