
कोटा .
विज्ञान नगर क्षेत्र में गांधी गृह कॉलोनी में सुने पड़े सीआरपीएफ के जवान के घर में अज्ञात चोरों ने शनिवार रात धावा बोल दिया। चोर यहां से करीब डेढ़ लाख रुपए के आभूषण व कीमती सामान चोरी कर ले गए। इसके बाद चोरों ने फ्रीज से चॉकलेट व मिठाईयां खाई यहां भी वे शांत नहीं हुए वो यहां से वे नए चप्पल व जूते भी पहन गए।
पड़ौसियों ने सुबह साढ़े पांच बजे मकान के ताले खुले देखे तो फोन पर मकान मालिक को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने मौका मुआयना कर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।
मामले के अनुसार सीआरपीएफ के जवान आसिफ मिर्जा दिल्ली में पोस्टेड है। उनकी पत्नी तरन्नुम मिर्जा दो बच्चों के साथ विज्ञान नगर स्थित 3-थ-24 में रहती हैं। बच्चों की छुट्टी होने के कारण तरन्नुम 29 सितंबर को अपने पीहर वक्फ नगर चली गई थी। इसके बाद शनिवार रात को अज्ञात चोर दरवाजे पर लगे ताले को तोड़कर घर में घुसे और करीब डेढ़ लाख रुपए के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। इसमें सोने की चेन, तीन अंगूठी, हार और दो जोड़ी टॉप्स शामिल है। साथ ही पांच हजार रुपए नगद, मोबाइल व टेबलेट भी चोरी कर ले गए।
खाया, पीया और नए जूते पहन गए
चोरों ने आसिफ के मकान के हर कमरे की तस्सली से तलाशी ली। जिससे सभी सामानों को बिखेर दिया। इसके साथ ही फ्रीज में रखी चाकलेट व मिठाईयां भी खाई। साथ ही जाते समय एक टॉर्च और तीन जोड़ी चप्पल छोड़ गए। इनकी जगह नए जूते व चप्पल घर से पहन गए। इससे लगता है कि चोर तीन या इससे अधिक संख्या में थे।