कोटा

चोरों ने कर रखा पुलिस की नाक में दम, पहले वाली का कोई सुराग तक नहीं लगा और फिर एक और बड़ी वारदात

कोटा. शहर में शादी समारोह के दौरान जेवरात चोरी करने का सिलसिला थमने का नाम ही नहीं ले रहा है।

2 min read
Nov 30, 2017

कोटा .
शहर में शादी समारोह के दौरान जेवरात चोरी करने का सिलसिला थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। बुधवार रात को महावीर नगर थाना क्षेत्र में फिर से एक वारदात हो गई। इस बार चोर बैग में कट लगाकर करीब 3 लाख रुपए कीमत के जेवरात चोरी कर ले गए। गौरतलब है कि 15 दिन पहले कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र के एक होटल से करीब 40 लाख के जेवरात चोरी हो गए थे।

सार्वजनिक निर्माण विभाग में ठेकेदार महावीर नगर तृतीय निवासी दिनेश सिंह हाड़ा ने बताया कि उनकी पुत्री चारू की शादी बुधवार रात को एलआईसी भवन के सामने स्थित मैदान में थी। रात को बारात के स्वागत के बाद आगवानी व तोरण का कार्यक्रम चल रहा था। उनके हाथ में बैग लटका हुआ था, जिसमें नकदी व पुत्री को चढ़ाने वाले जेवरातों का डिब्बा रखा था। कुछ समय बाद उन्होंने देखा तो बैग में कट लगा हुआ था और जेवरातों का बैग गायब था।

ये भी पढ़ें

दीपा का ऑपरेशन सफल: भावुक हाेकर पिता बोले धन्यवाद कोटा

हाड़ा ने बताया कि बैग में सोने के झुमके, नथ, कानों की चेन, अंगूठी, बाजूबंद व चेन समेत करीब 3 लाख रुपए के जेवरात थे। वारदात होते ही उन्होंने पुलिस को सूचना दी। गुरुवार को एफआईआर करवाई।

एएसआई ईश्वर सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश की जा रही है। इसके लिए पुलिस टीमें लगी हुई है। शादी में हुई वीडियो रिकॉर्डिंग भी देखेंगे।

नहीं लगा 40 लाख की चोरी का सुराग

गत 15 नवम्बर की रात को भी कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र में बूंदी रोड स्थित एक मैरिज गार्डन से रिद्धि सिद्धि नगर निवासी दवा व्यवसायी सुनील सक्सेना की पुत्री की शादी से भी चोर करीब 40 लाख रुपए कीमत के जेवरातों से भरा पर्स चोरी कर ले गए। पर्स में जेवरातों के अलावा करीब एक लाख रुपए नकद व दो महंगे मोबाइल थे। जिसका मुकदमा दर्ज होने के बावजूद अभी तक पुलिस चोरों का पता नहीं लगा सकी है।

दुकानों में चोरियों का भी नहीं हुआ खुलासा

गत दिनों गुमानपुरा में कपड़े के दो शोरूम से करीब एक लाख नकद व रावतभाटा रोड स्थित मोबाइल शोरूम से 5.63 लाख के 33 महंगे मोबाइल भी चोरी हो चुके हैं। रंगबाड़ी स्थित कृष्णा ज्वैलर्स समेत अन्य दुकानों से भी जेवरात व नकदी चोरी हो चुकी है। चोर एक के बाद एक वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस अभी तक उन वारदातों का न तो खुलासा कर सकी है और न ही चोरों को पकड़ सकी है।

ये भी पढ़ें

#अन्नदाता के अांसू: अन्नदाता के अांसुअों का मोल भी समझें अधिकारी, बदलें बिजली आपूर्ति का वक्त
Published on:
30 Nov 2017 09:27 pm
Also Read
View All