कोटा

राजस्थान में IMD का अलर्ट, 46°C तक पहुंच सकता है पारा, पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने से फिर शुरू होगी आंधी-बारिश

Rajasthan Weather Update: कोटा में तड़के हुई आंधी-बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी। हालांकि दिन आगे मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि पश्चिमी राजस्थान में अगले कुछ दिनों में तापमान 46°C तक पहुंच सकता है।

2 min read
Jun 08, 2026
Rajasthan Weather Update
फोटो: पत्रिका

Rajasthan Weather Update: राजस्थान के कोटा जिले में सोमवार तड़के मौसम ने करवट ली। कोटा में रात करीब 3 बजे से सुबह 5 बजे तक तेज आंधी के साथ बारिश का दौर चला। तेज हवाओं और बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली। सुबह मौसम सुहावना रहा और तापमान में भी गिरावट दर्ज हुई हालांकि दिन में तेज गर्मी ने लोगों के हाल-बेहाल कर दिए। राजस्थान में पिछले कुछ दिनों से जारी आंधी और बारिश की गतिविधियों के बीच मौसम विभाग ने नई अपडेट जारी की है।

आज से कम होगी आंधी-बारिश की गतिविधियां

मौसम विभाग जयपुर के अनुसार राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में आज यानी 8 जून से आंधी-बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। हालांकि पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश जारी रह सकती है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को राज्य के पूर्वी भाग में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की हुई और पश्चिमी राजस्थान में एक-दो स्थानों पर मेघगर्जन और हल्की बारिश हुई।

वहीं सर्वाधिक अधिकतम तापमान श्रीगंगानगर में 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया और सर्वाधिक न्यूनतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस जोधपुर और फलौदी में रिकॉर्ड हुआ। सबसे कम न्यूनतम तापमान अजमेर में 20 डिग्री सेल्सियस रहा। सबसे अधिक 50 मिलीमीटर बारिश अजमेर जिले के पुष्कर में रिकॉर्ड की गई। बारिश के कारण कई इलाकों में तापमान में कमी महसूस की गई और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।

46°C तक पहुंच सकता है पारा

वहीं पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के अधिकांश क्षेत्रों में अगले दो से तीन दिन मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। मौसम विभाग का अनुमान है कि इन क्षेत्रों में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। 8 से 11 जून के बीच सीमावर्ती जिलों में अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में हीटवेव चलने और 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी हवाएं चलने की भी संभावना जताई है।

11 जून से फिर बढ़ेगी आंधी-बारिश की गतिविधियां

मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी करते हुए कहा है कि 11 जून से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से राजस्थान के कई हिस्सों में एक बार फिर आंधी और बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

Updated on:
08 Jun 2026 02:20 pm
Published on:
08 Jun 2026 02:16 pm