कोटा

चुनाव साल में हाड़ौती में प्रशासनि‍क जाजम बदली, संभागीय आयुक्‍त लगाया, कोटा बूंदी के कलक्‍टर बदले

कोटा. आगामी विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले राज्य सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। इसमें कोटा और बूंदी के जिला कलक्टर बदल गए हैं।
2 min read
• •
Updated: 1 May 2018, 7:27 PM IST
Kota Bundi collector change
Kota Bundi collector change

कोटा . आगामी विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले राज्य सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। इसमें कोटा और बूंदी के जिला कलक्टर बदल गए हैं। करीब 11 माह से खाली चल रहे संभागीय आयुक्त और सीएडी के क्षेत्रीय विकास आयुक्त का पद भी भर दिया गया है।

Breaking News: देर रात सरकार ने 81 IAS अफसरों का किया तबादला, गौरव गोयल बने कोटा कलक्टर

गौरव गोयल को कोटा जिला कलक्टर की जिम्मेदारी दी गई है। इससे पहले वे अजमेर के डीएम थे। जबकि, कोटा कलक्टर रोहित गुप्ता को राजस्थान आवासन मंडल जयपुर में आयुक्त बनाया गया है। सवाई माधोपुर कलक्टर केसी वर्मा कोटा के नए संभागीय आयुक्त का कार्यभार संभालेंगे। वर्मा पहले भी कोटा में रह चुके हैं। महेश चंद शर्मा को बूंदी जिला कलक्टर लगाया गया है। जबकि इस पद पर कार्यरत शिवांगी स्वर्णकार का तबादला माध्यमिक शिक्षा विभाग बीकानेर में निदेशक पद पर किया गया है।

आईपीएस और आरएएस की भी जाजम बदलने की चर्चा
आईएएस की तबादला सूची जारी होने के बाद प्रशासनिक हलकों में आईपीएस, आरपीएस और आरएएस अधिकारियों की भी स्थानांतरण सूची जल्द आने की चर्चा है। कोटा जिले के एक दर्जन से अधिक आरएएस अधिकारी इधर-उधर होने की संभावना है। आईएएस अधिकारियों की एक और सूची आने की भी चर्चा है। नगर निगम के उपायुक्तों और नगर विकास न्यास के उप सचिवों की कार्य शैली से यहां के जनप्रतिनिधि सन्तुष्ट नहीं है। अधिकारियों को बदलने के लिए विधायकों ने मुख्यमंत्री तक से गुहार की है।

रात को ही सूची क्यों?
प्रशासनिक अधिकारियों की तबादला सूची आखिर देर रात क्यों जारी की जाती है, इसको लेकर कार्मिक विभाग के आला अधिकारियों से बात की तो उनका कहना था ज्योंहि तबादला सूची जारी होती है, तबादले निरस्त करवाने के लिए सिफारिशों के फोन घनघनाने लग जाते हैं। इस कारण अमूमन रात 12 बजे बाद ही सूची जारी की जाती है। सूची जारी करने के बाद सचिवालय में कोई नहीं रहता है।

Published on: