कोटा

सिग्नल तोड़ते हुए ट्रैक्टर ने स्कूटी को मारी टक्कर, महिला की मौत

डीसीएम चौराहे पर एक स्कूटी को ट्रैक्टर ने टक्कर मारी। स्कूटी सवार महिला की मौत, पति व दो बेटियां घायल।
2 min read
Sep 25, 2017
Crime, Crime in Kota, Tractor collision, Accident in Kota, Signal Crossing, Police in Kota,  Kota, Kota News, Rajasthan Patrika, Patrika News, अपराध, कोटा, पत्रिका, राजस्थान पत्रिका, पत्रिका कोटा
ट्रैक्टर की टक्कर से महिला की मौत

ट्रैक्टर चालक की जल्दबाजी ने एक हस्ते-खेलते परिवार को तबाह कर दिया। दुर्घटना ने दो मासूम बेटियों से मां और उनके पिता से जीवन का स‍हारा छीन लिया। पलभर में सारी खुशियां मातम में बदल गई। घटना डीसीएम चौराहे की है, जहां एक ट्रैक्टर सिग्नल तोडने के बाद स्कूटी को टक्कर मार दी। जिस पर सवार चार लाेगों में से एक की मौत हो गई और तीन घायल हो गए।

स्कूटी से दाड़ देवी माता के दर्शन करने गए थे

डीसीएम चौराहे से गुजर रहे स्कूटी सवार दंपती व दो बटियों को ट्रैक्टर ट्रॉली ने जोरदार टक्कर मार दी। इससे स्कूटी से उछलकर गिरी महिला की मौके पर ही मौत हो गई और उसका पति व दोनों बेटियां घायल हो गई। जिन्हें उपचार के बाद परिजन घर ले गए। मामले के अनुसार केशवपुरा निवासी ब्रिजेश सिंह (38) पत्नी रजनी कंवर (35) व दो बेटियों रागिनी (6) और प्रियांशी (3) के साथ स्कूटी से दाड़ देवी माता के दर्शन करने गए थे।

सिर पर ज्यादा चोट लगे से हुई मौत

वे वापसी के समय शाम साढ़े पांच बजे के करीब डीसीएम चौराहे पर रूक अपने सिग्नल खुलने की प्रतीक्षा कर रहे थे। जैसे ही सिग्नल खुला वे निकलने लगे तो अचानक एक ट्रैक्टर ट्रॉली सिग्नल तोड़ते हुए आई और उन्हें टक्कर मार दी। इससे रजनी के सिर में ज्यादा चोट लगी थी। घटना की सूचना पर उद्योगनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस को प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ब्रिजेश और बच्चियों को तो ज्यादा चोट नहीं आई, लेकिन रजनी बेहोश व अचेत हो गई थी।

ट्रेक्टर जब्त, चालक की तलाश जारी

उद्योग नगर थाना पुलिस के एसआई सुरेश पोटालिया ने बताया कि डॉक्टरों ने रजनी को अस्पताल में जाते ही मृत घोषित कर दिया। इसके बाद उसके शव को एमबीएस मोर्चरी में रखवाया है और ट्रेक्टर ट्रॉली को जब्त कर लिया है। चालक की तलाश जारी है। वहीं अन्य घायलों को परिजन उपचार के बाद घर ले गए।

Published on:
25 Sept 2017 03:26 pm