कोटा

भरी सभा में कांग्रेसियों को खानी पड़ी गालियां, जमीन के विवाद ने कराई किरकिरी, हुआ जमकर हंगामा

भाजपा सरकार के 4 साल के कार्यकाल की विफलता गिना रहे कांग्रेसियों को भरी सभा में गालियां खानी पड़ गईं। गालियां दे रहे युवक को पुलिस ने धर दबोचा।
2 min read
• •
Updated: 12 Dec 2017, 5:44 PM IST
Congress Demonstration Kota, Rajasthan Congress, Kota District Congress, Rajasthan BJP Government 4 year term, Rajasthan Patrika Kota, Kota Patrika, Kota News In Hindi
Youth ruckus at Congress meeting

राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी की सरकार के 4 साल पूरे होने पर कोटा जिला कांग्रेस ने कोटा कलेक्ट्रेट के बाहर विरोध प्रदर्शन आयोजित किया था। सरकार के विरोध में धरने पर बैठे कांग्रेस के दिग्गज नेता उस वक्त अचंभित रह गए जब एक युवक अचानक धरना स्थल पर आया और कांग्रेस नेताओं को गालियां देने लगा। युवक जमीन विवाद में पैसे हड़कपने का आरोप लगा रहा था। धरने पर मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उसे समझाने की कोशिश की लेकिन वह नहीं माना और काफी देर तक हंगामा करता रहा।

हंगामा कर रहे युवक विनोद बंजारा के निशाने पर कांग्रेस नेता कैलाश बंजारा थे। धरना स्थल पर हंगामा करने वाला युवक कैलाश बंजारा पर जमीन विवाद में पैसे हड़कपने का आरोप लगा रहा था। धरने को कांग्रेस नेता संबोधित कर रहे थे और कैलाश बंजारा पीछे बैठे थे। जब उन्होंने आरोप सुने तो वह खुद उठकर आगे आए, लेकिन इससे पहले कि वह विनोद को पकड़ पाते, वह गालियां देता हुआ भाग निकला।

पुलिस ने दबोचा

विनोद बंजारा के गाली-गलौज और हंगामा करने के बाद कांग्रेस के धरना स्थल पर अजीबो-गरीब हालात हो गए। वहां माहौल इस कदर गर्मा गया कि कांग्रेस कार्यकर्ता भी हंगामा करने लगे। कुछ लोग इसे विरोधी दलों की साजिश बता रहे थे तो कुछ लोग असलियत की जांच कराने की कह रहे थे। हंगामा बढ़ते देख नयापुरा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और सारी घटना जानने के बाद आरोपी युवक विनोद बंजारा को धर दबोचा।

मामले की होगी जांच

हंगामे के बाद अब पुलिस पूरे मामले की जांच करने में जुट गई है। विनोद को हिरासत में लेने के बाद उससे पूछताछ की जा रही है कि उसने कांग्रेस नेता कैलाश बंजारा पर जो आरोप लगाए हैं उनकी वजह क्या है। पुलिस पड़ताल कर रही है कि कहीं विनोद को किसी ने प्लांट करने धरना स्थल पर हंगामा करने के लिए तो नहीं भेजा था और यदि उसके आरोप सही हैं तो उसने इस मामले में कार्रवाई के लिए पुलिस को कोई शिकायत दी है या नहीं।

Published on: