कुचामन शहर

Unique Wedding Card : राजस्थान में अनोखा शादी का कार्ड सुर्खियों में, कुचामन सिटी के रामूराम महला के पहल को मिली तारीफें

Unique Wedding Card : राजस्थान के कुचामनसिटी के रामूराम महला ने एक अनोखा शादी कार्ड छपवाया। महला ने परंपरागत शादी कार्ड की जगह कपड़े के थैले (बैग) पर ही निमंत्रण प्रिंट करवाकर बांटे।
2 min read
Rajasthan a unique wedding card making headlines Kuchaman City Ramu Ram Mahla received praise for his environmental conservation initiative
कुचामनसिटी. अपने परिचितों को निमंत्रण देते रामूराम महला। फोटो पत्रिका

Unique Wedding Card : कुचामनसिटी शहर में एक व्यक्ति ने समाज को ‘पॉलिथीन हटाओ-पर्यावरण बचाओ का संदेश देने के लिए एक अनूठी और प्रेरणादायक पहल की। शादी के निमंत्रण को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए नई मिसाल पेश की। आमतौर पर लोग शादी के लिए कागज के रंग-बिरंगे कार्ड छपवाते हैं, लेकिन कुचामन के निकटवर्ती ग्राम सबलपुरा के रामूराम महला ने परंपरागत शादी कार्ड की जगह कपड़े के थैले (बैग) पर ही शादी का निमंत्रण प्रिंट करवाकर रिश्तेदारों और परिचितों को बांटे।

रामूराम महला की ओर से तैयार कराए गए ये थैले उच्च गुणवत्ता वाले हैं, जिन्हें कई बार उपयोग में लिया जा सकता है। इन थैलों पर न केवल शादी का निमंत्रण छपा है, साथ ही पर्यावरण संरक्षण से जुड़े प्रेरक संदेश भी अंकित हैं।

थैलों पर यह लिखा….

‘पॉलिथीन हटाओ, पर्यावरण बचाओं’, ‘घर से थैला साथ ले जाएं, पॉलिथीन को न अपनाएं’ जैसे जागरूकता देने वाले संदेश। यह पहल केवल एक शादी का निमंत्रण नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने की दिशा में उठाया गया सकारात्मक कदम बन गई है।

उपयोगी थैले को बनाया निमंत्रण का माध्यम

रामूराम महला का कहना है कि शादी जैसे खुशी के अवसर पर यदि पर्यावरण बचाने का संदेश दिया जाए तो उसका प्रभाव काफी गहरा पड़ता है। हर वर्ष हजारों की संख्या में शादी कार्ड छपते हैं, जो कुछ दिनों बाद कचरे में बदल जाते हैं। इससे कागज की बर्बादी होती है और पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसी सोच के साथ उन्होंने इस बार शादी कार्ड के स्थान पर उपयोगी थैले को माध्यम बनाया।

इस अनोखी पहल की पूरे शहर में हुई चर्चा

रामूराम महला की इस पहल को रिश्तेदारों और परिचितों की भरपूर सराहना मिल रही है। शादी का निमंत्रण पाकर लोग न केवल खुश हैं, बल्कि इस रचनात्मक सोच से प्रभावित भी हो रहे हैं। कुचामन शहर की यह अनोखी पहल चर्चा का विषय रही।

Updated on:
09 Feb 2026 08:21 am
Published on:
09 Feb 2026 08:12 am