
कुशीनगर. जिले की नगर पालिका परिषद व टाउन एरिया के अध्यक्ष पद के लिए आरक्षण की अंतिम सूची जारी होने के बाद बड़े-बड़े राजनीतिक पंडित चक्कर में पड़ गए है। चेयरमैन पद के लिए आरक्षण को अंतिम रूप देने वाले जिम्मेदार लोगों ने जो फार्मूला अख्तियार किया उसके चलते जिले में एक भी सीट सामान्य उम्मीदवारों के लिए नहीं है। यही नहीं अनसूचित जाति के लिए भी सीट आरक्षित नहीं की गई है। सात सीटों में से छह पिछड़े वर्ग के लिए और एक सीट अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित है।
मालूम रहे कि कुशीनगर जनपद में पडरौना, हाटा और कुशीनगर सहित तीन नगरपालिका परिषद है। इनमें से नगरपालिका परिषद कुशीनगर के चेयरमैन पद की कुर्सी पिछड़ा वर्ग महिला के लिए आरक्षित है, जबकि नगरपालिका परिषद पडरौना व नगरपालिका परिषद हाटा का चेयरमैन पद पिछडा वर्ग के लिए सुरक्षित कर दिया गया है। टाऊन एरिया रामकोला के चेयरमैन पद को अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित कर दिया गया है, जबकि यहां अनुसूचित जाति की संख्या ही विवादों के घेरे में है। इसके अलावा टाऊन एरिया सेवरही व टाऊन एरिया कप्तानगंज के अध्यक्ष पद की कुर्सी पिछड़े वर्ग के लिए आरक्षित है। इसी तरह टाऊन एरिया खड्डा के चेयरमैन पद का ताज पिछड़ा वर्ग महिला क सिर पर बधेगा।
यह भी पढ़ें- सीएम योगी आदित्यनाथ ने कुशीनगर को दिया 22 करोड़ की सौगात
आरक्षण सूची को अंतिम रूप देने वाले जिम्मेदार किस फार्मूले का इस्तेमाल किए हैं यह तो वही बता सकते हैं लेकिन यह आरक्षण सूची किसी के भी गले नहीं उतर रही है। यही नहीं कुशीनगर जिले के टाऊन एरिया व नगरपालिका परिषद के चेयरमैन पद के लिए जारी आरक्षण सूची संविधान की मूल भावना व सुप्रीम कोर्ट के आदेश का भी उलंघन कर रही है। जानकारों के मुताबिक किसी भी तरह से आरक्षण 50 प्रतिशत से ऊपर नहीं होना चाहिए।
By AK Mall