कुशीनगर

Kushinagar News: कुशीनगर में छात्र की पीट-पीटकर हत्या, बाजार में दूसरे गुट ने लाठी-डंडों से किया हमला, भारी फोर्स तैनात

Kushinagar news: जिले में आपसी विवाद में एक छात्र की जान चली गई है। यह घटना तब हुई जब मृतक छात्र अकेले बाजार गया था जहां से पहले ही घात लगाए दूसरे गुट ने हमला कर दिया।
2 min read
Aug 14, 2026
Up news, kushinagar news
छात्र की पीट पीट कर हत्या(सोर्स: पत्रिका)

Clashes Between Student Groups:कुशीनगर में शुक्रवार की दोपहर कप्तानगंज थाना क्षेत्र के हरिहरनाथ उत्तरी कस्बे में वर्चस्व को लेकर छात्रों के एक गुट ने दूसरे गुट के छात्र को बुरी तरह पीट कर मार डाला। जानकारी के मुताबिक दोपहर छात्र गुटों के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। चकबंदी चौक के पास किशोर करन साहनी को कुछ लड़कों ने लाठी-डंडों से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया, हालत बिगड़ने पर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज से जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

बाजार में अकेला देख दूसरे गुट के लोगों ने किया हमला

पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान वार्ड नंबर-16, हरिहरनाथ उत्तरी, नगर पंचायत कप्तानगंज निवासी रामभवन साहनी के पुत्र करन साहनी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे करन चकबंदी चौक पर किसी काम से गया था, आरोप है कि वहां पहले से मौजूद कुछ लड़कों ने उसे अकेला देखकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया और बुरी तरह पीटा।

गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाते समय हुई मौत

वहाँ के स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच दिन में पहले भी मारपीट हुई थी। उस समय लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया था। आरोप है कि इसके बाद दोबारा विवाद बढ़ा और लाठी-डंडों से लैस एक गुट ने करन पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से करन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज ले जाया गया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने तत्काल जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक करन अपने तीन भाइयों और तीन बहनों में सबसे छोटा था। उसका बड़ा भाई राहुल साहनी, दूसरे भाई का नाम अंकित साहनी बताया गया है। पिता रामभवन साहनी गांव में ही रहते हैं। छात्र की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा है।

सूचना मिलते ही भारी फोर्स के साथ पहुंचे अधिकारी

घटना की सूचना मिलते ही कप्तानगंज पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। जिला अस्पताल में करन की मौत के बाद पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। स्कूल और आसपास के क्षेत्र में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

मौके पर CO कसया अजय सिंह, तहसीलदार चंदन कुमार, SO धीरेंद्र राय समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस मारपीट के कारणों की जांच करने के साथ ही घटना में शामिल आरोपियों की पहचान की जा रही है, मौके पर भारी फोर्स तैनात है।

Updated on:
14 Aug 2026 07:48 pm
Published on:
14 Aug 2026 05:16 pm