
Truck Run Over Constable: कुशीनगर जिले में तरयासुजान थाना क्षेत्र के बहादुरपुर पुलिस चौकी अंतर्गत हाईवे पर सलेमगढ़ के सिअरहा गांव के पास बुधवार रात करीब दो बजे खनन माफिया की ट्रक ने बाइक सवार सिपाही को कुचलने का प्रयास किया, इस दौरान ट्रक के पहिये के नीचे आने से उसका पैर बुरी तरह कुचल गया। गंभीर रूप से घायल सिपाही को पुलिसकर्मियों ने वाहन से गोरखपुर के निजी अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज चल रहा है। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया, सूचना मिलते ही भारी फोर्स मौके पर पहुंच गई।
जानकारी के मुताबिक सुल्तानपुर जिले के निवासी 24 वर्षीय बृजेश मणि त्रिपाठी 2025 बैच के सिपाही हैं। उनकी पहली तैनाती दो माह पूर्व ही बिहार-उत्तर प्रदेश सीमा स्थित बहादुरपुर पुलिस चौकी पर हुई थी। बुधवार रात वह पुलिस टीम के साथ बिहार से यूपी आने वाले लेन पर ड्यूटी कर रहे थे।
इसी दौरान बिहार की ओर से लाल बालू लदा ट्रक आया। पुलिसकर्मियों ने उसे रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ट्रक रोकने के बजाय भागने लगा। सिपाही बृजेश बाइक से अकेले ही ट्रक का पीछा करने लगे। सलेमगढ़ निर्माणाधीन ओवरब्रिज के पूर्वी कट पर सिअरहा गांव के पास उन्होंने ट्रक को रोकने का प्रयास किया।
आरोप है कि चालक ने दुस्साहस करते हुए सिपाही की बाइक में टक्कर मार दी। बाइक समेत सिपाही सड़क पर गिर गए। इसके बाद चालक ने उनके ऊपर ही ट्रक चढ़ा दिया। पहिए के नीचे बायां पैर आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक हाईवे के कट से ट्रक मोड़कर दूसरे लेन से बिहार की ओर भाग निकला।
सूचना मिलते ही बहादुरपुर चौकी व तरयासुजान थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सिपाही को निजी वाहन से गोरखपुर भेजा। रात में ही CO तमकुहीराज जयंत यादव और SHO नितिन रघुनाथ भी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस टीम ने पीछा कर बिहार के बथनाकुट्टी हाईवे पर बालू लदे ट्रक को पकड़ लिया। CO ने बताया कि घायल सिपाही का इलाज चल रहा है।