ललितपुर

UP Panchayat Chunav : ललितपुर में बसपा ने खेला बड़ा दांव, इन प्रत्याशियों की घोषणा कर सबको चौंकाया

UP Panchayat Chunav 2021. बसपा के घोषित 7 प्रत्याशियों में से 2 प्रत्याशी पूर्व में समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता रह चुके हैं
2 min read
Mar 31, 2021
mayawati.jpg

सुनील जैन

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
ललितपुर. UP Panchayat Chunav 2021. देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में चार बार शासन कर चुकी बहुजन समाज पार्टी ने जिले में फिर से काफी सक्रिय राजनीति शुरू कर दी है। जनपद की सभी 21 सीटों पर बहुजन समाज पार्टी अपने प्रत्याशियों को उतारते हुये चुनावी मैदान में पूरे दमखम से उतर गयी है। हालांकि, घोषित 7 प्रत्याशियों में से 2 प्रत्याशी पूर्व में सपा के कद्दावर नेता रह चुके हैं और हमेशा ही सुर्खियों में रहकर विवादित भी रहे हैं।

बसपा जिलाध्यक्ष इंजी. दीपक कुमार अहिरवार ने जिला पंचायत के विभिन्न वार्डों से सदस्य पद के लिए सात प्रत्याशियों के नामों घोषणा की है। बसपा द्वारा घोषित किए गए आज 7 नामों में 2 नाम सबसे ज्यादा चौंकाने वाले रहे हैं जिनके नाम की घोषणा होते ही इलाके के राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है। जिनमें पहली परोंदा से सविता यादव पत्नी राजकुमार यादव को बढ़वार और दूसरी लीलाधर दुबे उर्फ कुल्लू महाराज को बार क्षेत्र से बहुजन समाज पार्टी ने बाहर से अपना प्रत्याशी घोषित किया है। इन दो नामों की घोषणा होने के बाद सियासी क्षेत्र में हलचल मच गई है। यह दोनों प्रत्याशी अपने अपने वार्ड में कई लोगों के राजनैतिक समीकरण बिगाड़ सकते हैं। उक्त दोनों ही लोग समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता रहे हैं और अपनी गतिविधियों के कारण लगातार सुर्खियों में बने रहे हैं।

जनपद की सभी 21 सीटों पर दौड़ेगा हाथी
जिला कार्यालय पर आयोजित बैठक में जिला पंचायत सदस्य पद के लिए घोषित किये गये प्रत्याशियों ने कहा कि बसपा जिलाध्यक्ष के कुशल नेतृत्व में पार्टी के वरिष्ठ व पुराने पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को सम्मान मिला है। यही कारण है कि जिले की दोनों विधानसभा सीटों पर बसपा ने अपना कब्जा जमाया था। अब जिला पंचायत के चुनावों में जिले की 21 जिला पंचायत सीटों पर चुनाव जीतकर आगामी विधानसभा चुनाव 2022 में बसपा सुप्रीमो बहन मायावती को उत्तर प्रदेश का पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनाने की दिशा में अग्रसर होंगे।

पार्टी का जनाधार तेजी से बढ़ रहा है : बसपा जिलाध्यक्ष
बसपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार अहिरवार ने कहा कि जिला पंचायत के चुनाव में ललितपुर की सभी 21 सीटों पर बहुजन समाज पार्टी पूरे दमखम से चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि बसपा का जनाधार तेजी से बढ़ रहा है। बसपा सुप्रीमो बहन मायावती के मार्गदर्शन और निर्देशन में चुनावी गतिविधियां की जायेंगी। उन्होंने जिले के सभी कार्यकर्ताओं पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वह बसपा को जिला पंचायत चुनाव में अधिक से अधिक सीटों पर जीत हासिल कराने के लिए जुट जायें।

बसपा के प्रत्याशी घोषित
बैठक के दौरान बसपा जिलाध्यक्ष इंजी. दीपक कुमार अहिरवार ने जिला पंचायत के वार्ड संख्या 1 पूराकलां से राजकुमारी पत्नी चन्द्रभान कुशवाहा ककरेला, वार्ड संख्या 4 जखौरा से अशोक अहिरवार सिरसी, वार्ड संख्या 7 बुढ़वार से सविता यादव पत्नी राजकुमार यादव परौंदा, वार्ड संख्या 10 खितवांस से बब्बू राजा मैलवाराकलां, वार्ड संख्या 12 नाराहट से दामोदर पटेल पिपरिया पाली, वार्ड संख्या 18 बानपुर से रहीश राजपूत रमेशरा एवं वार्ड संख्या 20 बार से पं. लीलाधर दुबे उर्फ कुल्लू महाराज को अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है।

Published on:
31 Mar 2021 05:55 pm