कॉर्पोरेट वर्ल्ड

देश के सबसे अमीर व्‍यक्ति मुकेश अंबानी नहीं ले कर चलते पैसा, न है कोई क्रेडिट कार्ड, जानिए क्‍या है वजह

मुकेश अंबानी ने शुक्रवार को अपनी निजी जिंदगी को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि बचपन से लेकर आज तक कभी भी कैश या क्रेडिट कार्ड नहीं रखा।

2 min read
Dec 01, 2017
mukesh ambani
mukesh ambani

नई दिल्ली. रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर मुकेश अंबानी ने शुक्रवार को अपनी निजी जिंदगी को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने एक कार्यक्रम में बताया कि बचपन से लेकर आज तक उन्होंने अपने साथ कभी भी कैश या क्रेडिट कार्ड नहीं रखा है। उनके आसपास हमेशा कोई होता है तो उनके बिलों का भुगतान करता है।


पैसा मेरे लिए कभी भी महत्‍वपूर्ण नहीं रहा
अंबानी ने कहा कि पैसा उनके लिए कभी भी महत्वपूर्ण नहीं रहा है और एक संसाधन के रूप में पैसा कंपनी को जोखिम लेने में सक्षम बनाता है। उन्होंने कहा कि मैं उन तमगों से घृणा करता हूं, जो आप मुझे देते हैं। बाजार में जियो की मजबूत पकड़ को लेकर मुकेश अंबानी ने कहा कि अगर आप अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करेंगे तो सफलता जरूर मिलेगी। अपने सिद्धांतो के साथ लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित से लक्ष्य पर पहुंचने में आसानी होगी।

चौथी औद्योगिक क्रांति का नेतृत्व करेगा भारत
अंबानी ने कहा कि चौथी औद्योगिक क्रांति का नेतृत्व भारत करेगा, क्योंकि यह युवा होने के साथ ही संकल्प और महत्वाकांक्षाओं से भरा देश है। जैसे ७वें दशक की तीसरी औद्योगिक क्रांति अमरीका को सबसे ज्यादा फायदा मिला, उसी तरह भारत को चौथी क्रांति का बड़ा फायदा मिलेगा।

2024 तक 5 ट्रिलियन डॉलर की होगी अर्थव्यवस्था
मुकेश अंबानी ने बताया कि भारतीय अर्थव्यवस्था वर्ष 2024 में दोगुनी बढ़कर 5 ट्रिलियन डॉलर की हो जाएगी। इसके साथ ही भारत की ग्रोथ चीन से ज्यादा होगी। साथ ही उन्होंने कहा कि आने वाले साल भारत और चीन का होगा।

आज डेटा ही नया ऑयल और नया सॉइल है
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर मुकेश अंबानी का कहना है कि आज डेटा न सिर्फ न्यू ऑयल है, बल्कि यह न्यू सॉइल भी है, क्योंकि इसकी पटरी पर ही बदलाव की गाड़ी बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि जियो की लॉन्चिंग क्रांतिकारी रही है, क्योंकि इसने भारत को दुनिया में डेटा का सबसे बड़ी खपत वाला देश बना दिया है। इससे सही अर्थों में इंटरनेट का लोकतांत्रिकरण हुआ है। अंबानी ने ये बातें एक कार्यक्रम में देश की तरक्की और बदलाव से जुड़े सवालों के जवाब में कहीं।

Published on:
01 Dec 2017 04:55 pm