Distance between Fridge and Wall: फ्रिज और दीवार के बीच कितना गैप होना चाहिए? जानिए रेफ्रिजरेटर को सही तरीके से रखने के टिप्स, सही दूरी रखने से कैसे बेहतर कूलिंग मिलती है, बिजली बिल कम होता है और फ्रिज की लाइफ बढ़ती है।
Distance between Fridge and Wall: गर्मी का मौसम आते ही घर में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाली चीजों में फ्रिज शामिल हो जाता है। ठंडा पानी हो, फल-सब्जियां हों या बचा हुआ खाना, सब कुछ फ्रिज के भरोसे रहता है। हम फ्रिज खरीद तो लेते हैं, पर कई बार उसे सही तरीके से रखने पर ध्यान नहीं देते। यही छोटी-सी गलती आगे चलकर बिजली बिल बढ़ाने और फ्रिज को जल्दी खराब करने की वजह बन सकती है।
अगर आप अपने घर में रखे फ्रिज को ध्यान से देखें तो हो सकता है वह दीवार से बिल्कुल सटा हुआ हो। ऐसा करना आम बात है, क्योंकि अक्सर लोग जगह बचाने के लिए फ्रिज को दीवार से चिपका देते हैं। लेकिन एक्सपर्ट्स की मानें तो ऐसा करना सही नहीं है। फ्रिज और दीवार के बीच थोड़ी दूरी रखना जरूरी होता है।
दरअसल, फ्रिज चलते समय गर्मी पैदा करता है। उसके पीछे या नीचे लगी कॉइल्स इस गर्मी को बाहर निकालती हैं। अगर फ्रिज दीवार से बिल्कुल सटा होगा तो हवा का बहाव रुक जाएगा और गर्मी बाहर नहीं निकल पाएगी। ऐसे में फ्रिज का सिस्टम ज्यादा गर्म होने लगता है।
जब फ्रिज ज्यादा गर्म होता है तो उसका कंप्रेसर ज्यादा मेहनत करता है। इसका सीधा असर बिजली की खपत पर पड़ता है। यानी फ्रिज उतनी ही ठंडक देने के लिए ज्यादा बिजली खर्च करने लगता है।
एक्सपर्ट्स के मुताबिक, फ्रिज के पीछे दीवार से कम से कम 1 से 2 इंच की दूरी रखना बेहतर माना जाता है। इससे हवा आसानी से घूमती रहती है और फ्रिज के अंदर का सिस्टम ज्यादा गर्म नहीं होता।
सिर्फ पीछे ही नहीं, फ्रिज के दोनों साइड में भी थोड़ी जगह छोड़नी चाहिए। कोशिश करें कि दोनों तरफ लगभग 1 से 1.25 इंच जगह खाली रहे। इसी तरह फ्रिज के ऊपर भी थोड़ी खुली जगह होना जरूरी है ताकि गर्म हवा आसानी से बाहर निकल सके।
अगर आप नया फ्रिज लेने जा रहे हैं तो पहले उस जगह का माप जरूर ले लें जहां उसे रखना है। कई बार ऐसा होता है कि फ्रिज घर में तो आ जाता है, लेकिन जगह कम होने के कारण उसे दीवार से चिपकाकर रखना पड़ता है। इससे बाद में परेशानी होती है।
फ्रिज खरीदते समय उसकी लंबाई, चौड़ाई और गहराई के साथ-साथ यह भी देख लें कि घर में रखने के बाद उसके चारों तरफ थोड़ी जगह बच सके।
छोटी-सी दूरी रखने से न सिर्फ फ्रिज बेहतर तरीके से काम करता है, बल्कि उसकी उम्र भी बढ़ती है। इसलिए अगर आपका फ्रिज दीवार से सटा हुआ है तो आज ही उसे थोड़ा आगे खिसका दें। यह छोटा-सा कदम आगे चलकर आपके बिजली बिल और खर्च दोनों को कम कर सकता है।