टेक्नोलॉजी

अब Whatsapp के जरिए शॉपिंग होगी और भी आसान, जोड़ा कमाल का बटन, जानिए कैसे करेगा काम

शॉपिंग बटन से उपभोक्ता उपलब्ध उत्पादों पर नजर डाल सकेंगे और सिर्फ चैट के माध्यम से सीधे तौर पर इसकी खरीददारी कर सकेंगे।
2 min read
• •
Updated: 11 Nov 2020, 9:50 AM IST
Feature image

फेसबुक (Facebook) ने व्हाट्सएप (Whatsapp) बिजनेस पर भारत सहित वैश्विक तौर पर एक नए शॉपिंग बटन को जारी कर दिया है, जिससे उपभोक्ता उपलब्ध उत्पादों पर नजर डाल सकेंगे और सिर्फ चैट के माध्यम से सीधे तौर पर इसकी खरीददारी कर सकेंगे। व्हाट्सअप बिजनेस (Whatsapp Business) पर शामिल किए गए इस फीचर की मदद से लोग कैटलॉग देखकर उत्पादों को खरीद सकेंगे।

एक क्लिक में मिलेगा कैटलॉग
बता दें कि पहले ग्राहकों को सबसे पहले बिजनेस प्रोफाइल में जाकर क्लिक करना पड़ता था फिर जाकर देखना पड़ता था कि उस व्यवसाय का अपना खुद का कोई कैटलॉग है या नहीं। कंपनी ने अपने एक बयान में कहा है, अब स्टोरफ्रंट आइकॉन के रूप में दिखने वाले शॉपिंग बटन पर नजर पड़ने के साथ ही उन्हें पता लग जाएगा कि बिजनेस का अपना एक कैटलॉग है, जिससे वे उत्पादों को ब्राउज कर पाएंगे और सिर्फ एक बटन दबाकर ही किसी चीज को लेकर अपनी बात आगे बढ़ा पाएंगे।

17.5 करोड़ लोग रोजाना करते हैं मैसेज
व्यवसायों को भी इससे लाभ पहुंचने वाला है क्योंकि उनके उत्पादों पर लोगों की निगाहें पड़ेंगी, जिससे बिक्री में इजाफा होगा। हर रोज 17.5 करोड़ से अधिक लोग व्हाट़्सअप बिजनेस पर मैसेज करते हैं और 4 करोड़ से अधिक लोग हर महीने व्हाट्सअप बिजनेस कैटलॉग को चेक करते हैं, जिनमें से 3 करोड़ से अधिक भारत से हैं।

Whatsapp Pay भी किया रोल आउट
बता दें कि हाल ही Whatsapp पर कुछ और भी फीचर्स जोड़े गए हैं। हाल ही कंपनी ने यूजर्स के लिए Whatsapp Pay फीचर रोल आउट किया। इस फीचर की वर्ष 2018 में बीटा यूजर्स के साथ शुरू हुई टेस्टिंग के बाद अब इसे भारत में सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध करा दिया गया है। इस फीचर की मदद से यूजर्स चैटिंग करते हुए इस प्लेटफॉर्म पर पेमेंट भी कर सकेंगे। नेशनल पेमेंट्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) की अनुमति के बाद Whatsapp Pay फीचर एंड्रॉयड और iOS दोनों यूजर्स के लिए जारी किया गया है। हालांकि NPCI ने इसके लिए एक लिमिट तय की है। Whatsapp Pay के फर्स्ट सेगमेंट में NPCI ने 2 करोड़ यूजर्स को कैप सेट किया है। जबकि भारत में इस एप के करीब 40 करोड़ यूजर्स हैं।

Published on: