टेक्नोलॉजी

Google Maps को टक्कर देगा भारत का स्वदेशी Mappls App, 3D जंक्शन व्यू से रास्ते होंगे और भी आसान

Mappls App: MapmyIndia का स्वदेशी नेविगेशन ऐप Mappls चर्चा में है। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने हाल ही में इसका वीडियो शेयर किया, जिसमें ऐप के 3D जंक्शन व्यू और मल्टी-फ्लोर नेविगेशन जैसे फीचर्स दिखाए गए हैं। जानें कैसे यह ऐप Google Maps को टक्कर दे सकता है।
2 min read
Oct 13, 2025
Mappls App
Mappls App (Image: Google Play Store)

Mappls App: देश में अब नेविगेशन के क्षेत्र में भी स्वदेशी विकल्प उपलब्ध हो गया है। MapmyIndia कंपनी ने अपना नया ऐप Mappls पेश किया है जो Google Maps की तरह रियल-टाइम दिशा और रूट जानकारी देता है। हाल ही में केंद्रीय रेल एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अपने आधिकारिक X हैंडल पर इस ऐप का एक वीडियो साझा किया, जिसके बाद यह ऐप चर्चा में आ गया। कंपनी का दावा है कि Mappls ऐप में 3D जंक्शन व्यू, मल्टी-फ्लोर नेविगेशन और लाइव ट्रैफिक अपडेट जैसे फीचर्स दिए गए हैं और इसका डेटा भारत में ही सुरक्षित रूप से स्टोर किया जाएगा।

भारत का अपना नेविगेशन Mappls App

Mappls App भारत में बना एक नेविगेशन और मैपिंग एप्लिकेशन है जो Google Maps की तरह ही रूट, लोकेशन और ट्रैफिक अपडेट की सुविधा देता है। हालांकि, इसमें कई ऐसे फीचर्स शामिल किए गए हैं जो इसे विदेशी ऐप्स से अलग बनाते हैं। खास बात यह है कि इस ऐप में यूजर डेटा भारत के अंदर ही स्टोर किया जाएगा, जिससे सुरक्षा और गोपनीयता (Privacy) दोनों सुनिश्चित होंगी।

केंद्रीय मंत्री ने की तारीफ

केंद्रीय रेल, संचार और सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने हाल ही में अपने X अकाउंट पर Mappls ऐप का एक वीडियो शेयर किया है। वीडियो शेयर करते हुए उन्होंने लिखा ''MapmyIndia का स्वदेशी ‘Mappls’, अच्छे फीचर्स हैं, ट्राई जरूर करें।"

इस ट्वीट के बाद से ही यह ऐप सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आ गया है और लोग इसे Google Maps के भारतीय विकल्प के रूप में देख रहे हैं।

क्या हैं Mappls ऐप की खासियतें?

  1. 3D जंक्शन व्यू: यह फीचर खासतौर पर भारत के जटिल और भीड़भाड़ वाले चौराहों के लिए डिजाइन किया गया है। 3D व्यू की मदद से यूजर को मोड़ों, लेन और सिग्नल्स का रियलिस्टिक व्यू मिलता है जिससे रास्ता समझने में आसानी होती है।
  2. मल्टी-फ्लोर नेविगेशन: यह फीचर मॉल, अस्पताल, कॉम्प्लेक्स या मल्टी-लेवल बिल्डिंग्स में बहुत उपयोगी है। यह बताता है कि किसी खास फ्लोर या लोकेशन तक कैसे पहुंचा जाए।
  3. लाइव ट्रैफिक और सिग्नल टाइमर: Mappls यूजर्स को रियल टाइम ट्रैफिक अपडेट्स और सिग्नल टाइमर की जानकारी देता है जिससे समय की बचत होती है और यात्रा का अनुभव बेहतर बनता है।
  4. सेफ्टी अलर्ट्स और रीजनल लैंग्वेज सपोर्ट: ऐप में स्पीड लिमिट वार्निंग, ब्लाइंड टर्न अलर्ट जैसे सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं। इसके साथ ही यह ऐप कई भारतीय भाषाओं में उपलब्ध है जिससे हर यूजर अपनी भाषा में नेविगेशन कर सकते हैं।

प्राइवेसी पर खास ध्यान

Google Maps के विपरीत, Mappls ऐप में यूजर्स का डेटा पूरी तरह भारत में सुरक्षित सर्वर पर स्टोर किया जाता है। डेवलपर्स का दावा है कि ऐप में किसी भी तरह की डेटा ट्रैकिंग या थर्ड पार्टी शेयरिंग नहीं की जाएगी। यह फीचर इसे भारत के डेटा प्रोटेक्शन मिशन के अनुरूप बनाता है।

भारत के लिए क्यों है खास?

भारत जैसे विशाल और विविध भौगोलिक क्षेत्र वाले देश में सटीक नेविगेशन चुनौतीपूर्ण होता है। Mappls ऐप को इस बात को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है ताकि यह भारतीय सड़कों, गलियों और ट्रैफिक पैटर्न को सही तरीके से समझ सके। ऐप के माध्यम से यूजर्स को न केवल बेहतर दिशानिर्देश मिलते हैं, बल्कि स्थानीय जरूरतों के अनुसार उपयोगी जानकारी भी प्राप्त होती है।

Updated on:
13 Oct 2025 04:06 pm
Published on:
13 Oct 2025 01:42 pm