
Monsoon Garden Maintenance Tips: देश के कुछ हिस्सों में मानसून 2026 पहुंच चुका है और कुछ जगहों पर पहुंचने वाला है। मानसून के आते ही बरसात की शुरुआत हो जाएगी। ऐसे में इन दिनों पड़ने वाली चिलचिलाती गर्मी से तो राहत मिल जाएगी, लेकिन बालकनी में ज्यादा जलजमाव के चलते पेड़-पौधे भी सड़कर सूख सकते हैं। ऐसे में आइए जानते हैं इससे बचने के लिए क्या करना चाहिए और क्या नहीं।
गमले में लगे पेड़-पौधों के अच्छे विकास के लिए गमले में सही ड्रेनेज का होना बेहद जरूरी होता है। लेकिन कई बार मिट्टी या खाद के चलते ये ड्रेनेज बंद हो जाते हैं या गमला खरीदते समय गलती से बिना ड्रेनेज वाले गमले लोग खरीद लेते हैं, जो दूसरे मौसम में तो काम चल जाता है, लेकिन बारिश के दिनों में ये मुसीबत बन जाते हैं। क्योंकि गमले में स्टोर होने वाला एक्स्ट्रा पानी बाहर नहीं निकल पाता, जिससे पौधों की जड़ें सड़कर सूखने लगती हैं। इसलिए पौधे के अच्छे विकास के लिए गमले का ड्रेनेज यानी जल निकास जरूर चेक करें।
इनडोर पौधे या ज्यादा संवेदनशील पौधे जैसे सकुलेंट्स (succulents) ज्यादा बारिश बर्दाश्त नहीं कर पाते। इन्हें अगर लगातार ज्यादा पानी मिले या इन्हें ऐसी जगहों पर रख दिया जाए जहां लगातार पानी गिर रहा हो, तो इनकी जड़ें और तने गलने लगते हैं। इसलिए ऐसे पौधों को बालकनी के ऐसे हिस्से में रखने से बचें जहां सीधे बारिश का पानी आता हो, या हो सके तो इन्हें प्लास्टिक के शेड से ढक दें।
पौधों के अच्छे विकास के लिए पानी देना बेहद जरूरी होता है, यह सोचकर कुछ लोग बारिश के दिनों में भी पौधों में पानी डालते रहते हैं। जो पौधे के अच्छे विकास के लिए नहीं करना चाहिए। दरअसल, जरूरत से ज्यादा पानी देने से मिट्टी में ऑक्सीजन नहीं पहुंच पाती और जड़ें सड़ने लगती हैं। ध्यान दें, बारिश के दिनों में आपको पानी हमेशा गमले की मिट्टी को देखने के बाद पौधे की जरूरत के अनुसार डालना चाहिए।
बारिश के दिनों में लगातार बारिश होने के चलते कई दिन धूप नहीं निकलती है, इसके चलते पौधों के आसपास कीड़े पैदा होने लगते हैं। वहीं, लगातार पानी में भीगे रहने से पौधों के पत्तों, टहनियों या जड़ों में बीमारियां भी लग जाती हैं। इसलिए अपने बालकनी को हरा-भरा रखने के लिए पौधों की समय-समय पर जांच करते रहें, ताकि कोई भी परेशानी होने पर तुरंत उसका इलाज करके पौधों को सड़ने से बचाया जा सके।
अक्सर लोग बालकनी को सजाने के चक्कर में या बारिश के पानी को बालकनी में आने से बचाने के लिए ज्यादा चीजों या प्लास्टिक के शेड से पूरा ढक देते हैं, जिससे पौधे सड़ने लगते हैं। इसलिए पौधों को हरा-भरा रखने के लिए सभी गमलों को एक उचित दूरी के साथ ही पौधे की जरूरत के हिसाब से सही जगह पर रखें, जिससे उसे सही से हवा, धूप और पानी मिलता रहे। ऐसा करने से फंगस और बीमारियों का खतरा कम हो जाएगा।