लाइफस्टाइल

मीठा हो या चटपटा खाने का मन, अमरूद से बनाएं ये 5 टेस्टी डिशेज, स्वाद ऐसा कि बार-बार खाने का करेगा मन

Winter Recipes: अमरूद से सिर्फ चाट ही नहीं, चटनी, जैम, शेक और हलवे जैसी कई स्वादिष्ट डिशेज भी बनाई जा सकती हैं। आइए जानते हैं इन्हें बनाने के लिए किन चीजों की जरूरत होगी और क्या है इनकी आसान रेसिपी।
3 min read
• •
Updated: 18 Nov 2026, 10:52 AM IST
guava recipes, guava chaat
Guava से जुड़े Winter Recipes (screenshot) image credit youtube/ nishamadhulika/Fun2ooshFood/Reenawithcooking

Guava Recipes: सर्दियों के मौसम में अमरूद मिलने लगते हैं। धूप में आंगन या छत पर बैठकर अमरूद को कच्चा खाना या उसकी चाट बनाकर खाना अच्छा लगता है। ऐसे में अगर आप अमरूद से कुछ टेस्टी बनाने की रेसिपी खोज रहे हैं, तो चटपटी अमरूद चाट से लेकर जैम और हलवा जैसी 5 डिशेज आप यहां बताई गई विधि से बना सकते हैं।

चटपटी अमरूद चाट

चटपटी अमरूद चाट बनाने के लिए थोड़ा कड़क, हल्का कच्चा-पका अमरूद लें।

चटपटी अमरूद चाट बनाने के लिए सामग्री

  • 2 मध्यम साइज के अमरूद
  • 1 छोटा प्याज बारीक कटा (ऑप्शनल)
  • 1 छोटा टमाटर (बीज निकालकर)
  • आधा नींबू का रस
  • 1/2 छोटा चम्मच भुना जीरा पाउडर
  • 1/2 छोटा चम्मच चाट मसाला
  • 1/4 छोटा चम्मच काला नमक
  • हरी मिर्च बारीक कटी
  • हरा धनिया

चटपटी अमरूद चाट बनाने की विधि

  • सबसे पहले अमरूद को धोकर छोटे टुकड़ों में काट लें। बीच के ज्यादा सख्त बीज चाहें तो निकाल दें, इससे खाने में आसानी रहती है।
  • एक बड़े बाउल में अमरूद, प्याज, टमाटर और हरी मिर्च डालें।
  • ऊपर से सारे मसाले और नींबू का रस डालकर हल्के हाथ से मिलाएं।
  • हरा धनिया डालकर सर्व करें।

टिप्स: चाट को पहले से बनाकर न रखें। नमक डालते ही अमरूद पानी छोड़ने लगता है और कुरकुरापन चला जाता है। सर्व करने से ठीक पहले ही मसाला मिलाएं।

अमरूद की चटपटी चटनी

पराठे, पकौड़े, सैंडविच या दाल-चावल के साथ अमरूद की चटनी अच्छी लगती है। इसका स्वाद थोड़ा खट्टा-तीखा और हल्का मीठा होता है। इसे बनाने के लिए थोड़ा कड़क, हल्का कच्चा-पका अमरूद लें। अमरूद ज्यादा पका होगा तो चटनी का स्वाद मीठा आएगा।

अमरूद की चटपटी चटनी बनाने के लिए सामग्री

  • 2 अमरूद
  • 1 कप हरा धनिया
  • 1 कप पुदीना
  • 2-3 हरी मिर्च
  • आधा इंच अदरक
  • 1 छोटा चम्मच भुना जीरा
  • काला नमक, स्वादानुसार
  • सादा नमक, स्वादानुसार
  • 1 छोटा चम्मच नींबू का रस

अमरूद की चटपटी चटनी बनाने का तरीका

  • अमरूद, धनिया, मिर्च, पुदीना, अदरक, जीरा, नमक और नींबू का रस, सारी सामग्री मिक्सर जार में डालें।
  • पानी की जरूरत न हो तो न डालें, या बस 1-2 चम्मच डालें।
  • दरदरी या बारीक, जैसी पसंद हो, पीस लें।

टिप्स: फ्रिज में ढककर रखने पर ये 2 दिन तक ठीक रहती है। ज्यादा दिन रखने से रंग गहरा पड़ने लगता है।

अमरूद जैम

अगर आपने अमरूद ज्यादा खरीद लिए हैं या आपके घर में पेड़ है, तो आप अमरूद जैम भी बना सकते हैं। इसके लिए अच्छी तरह पका अमरूद लें।

अमरूद जैम बनाने के लिए सामग्री

  • 500 ग्राम पके अमरूद
  • 200-250 ग्राम चीनी (आवश्यकतानुसार)
  • 1 बड़ा चम्मच नींबू का रस
  • 1/2 कप पानी

अमरूद जैम बनाने का तरीका

  • अमरूद धोकर टुकड़ों में काटने के बाद नरम होने तक उबाल लें।
  • ठंडा होने पर मैश करें और छलनी से छान लें ताकि बीज अलग हो जाएं।
  • छना हुआ पल्प कड़ाही में डालें, चीनी मिलाएं और मध्यम आंच पर पकाएं। बीच-बीच में चलाते रहें, वरना नीचे लग जाएगा।
  • करीब 20-25 मिनट में मिश्रण गाढ़ा होने लगेगा। अब नींबू का रस डालें और 2-3 मिनट और पकाएं।
  • जैम की जांच के लिए एक प्लेट में थोड़ा सा डालें। ठंडा होने पर बहे नहीं और उंगली से लकीर खींचने पर बनी रहे, तो जैम तैयार है।

टिप्स: पूरी तरह ठंडा होने के बाद साफ, सूखी कांच की बोतल में स्टोर करें। फ्रिज में रखने पर ये 2-3 हफ्ते आराम से चल जाता है। हर बार साफ और सूखे चम्मच से ही निकालें।

अमरूद का शेक

घर में कोई मेहमान आने वाले हैं या मौसम के हिसाब से कुछ अलग पीने का मन कर रहा है, तो आप अमरूद का शेक भी बना सकते हैं। इसके लिए अच्छी तरह पका अमरूद लें।

अमरूद का शेक बनाने के लिए सामग्री

  • 1 बड़ा पका अमरूद
  • 1 गिलास ठंडा दूध
  • 1-2 छोटे चम्मच चीनी या शहद (स्वादानुसार)
  • बर्फ के टुकड़े (आवश्यकतानुसार)

अमरूद का शेक बनाने का तरीका

  1. अमरूद को काटकर ब्लेंडर में डालें और थोड़े दूध के साथ पीस लें।
  2. इस पेस्ट को छलनी से छान लें, वरना बीज गिलास में आएंगे।
  3. छने पल्प को वापस ब्लेंडर में डालें, बाकी दूध, चीनी और बर्फ डालकर एक बार और चला लें।
  4. गिलास में डालकर सर्व करें।

टिप: अमरूद का शेक बनाकर देर तक न रखें। कुछ देर में ये गाढ़ा होकर अलग-अलग परत में बदल सकता है और स्वाद भी फीका पड़ने लगता है। दूध ठंडा ही इस्तेमाल करें।

अमरूद का हलवा

अगर आप मूंग दाल और गाजर के हलवे से कुछ अलग, मीठा और गरमागरम खाने के लिए रेसिपी खोज रहे हैं, तो अमरूद का हलवा अच्छा विकल्प है। इसके लिए अच्छी तरह पका अमरूद लें।

अमरूद का हलवा बनाने के लिए सामग्री

  • 3 पके अमरूद
  • 2 बड़े चम्मच घी
  • 3-4 बड़े चम्मच चीनी
  • 1/2 कप दूध
  • 2-3 इलायची का पाउडर
  • कटे हुए बादाम, काजू या पिस्ता

अमरूद का हलवा बनाने का तरीका

  • अमरूद को उबालकर मैश करें और छलनी से छानकर बीज हटा लें। आप चाहें तो कच्चे अमरूद को कद्दूकस भी कर सकते हैं, पर पल्प वाला हलवा ज्यादा मुलायम बनता है।
  • कड़ाही में घी गरम करें और पल्प डालकर 8-10 मिनट मध्यम आंच पर भूनें, जब तक कच्चापन चला जाए और घी अलग होने लगे।
  • दूध और चीनी डालें, लगातार चलाएं और पानी सूखने तक पकाएं।
  • इलायची पाउडर और मेवे डालकर 1-2 मिनट और चलाएं, फिर गैस बंद कर दें।

टिप: अमरूद की अपनी हल्की खटास होती है, इसलिए चीनी एक साथ न डालें। पहले कम डालें, चखें और फिर जरूरत हो तो बढ़ाएं।

Updated on:
18 Nov 2026, 10:52 AM IST
Published on: