गाजर के हलवे ने बदला अंदाज, अब घर पर बनाइए विंटर डेजर्ट गाजर हलवा ट्रफल्स
Carrot Halwa Truffles: सर्दियों में गाजर के हलवे को दें नया अंदाज। जानिए डार्क और व्हाइट चॉकलेट से घर पर स्वादिष्ट गाजर हलवा ट्रफल्स बनाने की आसान रेसिपी।
Carrot Halwa Truffles winter desert unique recipe: Photo AI
गाजर के हलवे का चॉकलेटी अवतार!
Carrot Halwa Truffles: सर्दियों की शाम हो और घर में गाजर का हलवा न बने ऐसा तो मुमकिन नहीं। और बन रहा हो तो उसकी खुशबू ही मन खुश कर देती है। दूध, घी और मेवों से तैयार इस पारंपरिक मिठाई का स्वाद हर किसी को पसंद आता है। लेकिन अगर इस बार आप गाजर के हलवे को परोसने का अंदाज थोड़ा बदल दें तो…।
दरअसल सर्दियों में गाजर का हलवा नये अवतार में ट्रेंड में आने वाला है, जिसे विंटर स्पेशल गाजर ट्रफल्स कहा जा रहा है। हलवे की देसी मिठास, चॉकलेट का स्वाद और संतरे के छिलके की हल्की खुशबू इसे एक नया फ्यूजन डेजर्ट बना देती है।
नया स्वाद, नया अंदाज
गाजर का हलवा तैयार करने के बाद उसे ठंडा कर छोटे बॉल्स में रोल किया जाता है। फिर चॉकलेट में डुबोकर सेट किया जाता है। यह प्रक्रिया पहले से तैयार हलवे के साथ काफी आसान है।
इसी तरह, गाजर, कंडेंस्ड मिल्क, नारियल, किशमिश, काजू और इलायची के साथ हलवा बनाकर ठंडा किया जाता है। फिर व्हाइट चॉकलेट में डुबोकर ट्रफल्स तैयार किए जाते हैं।
स्वाद का ताजा ट्विस्ट
डार्क चॉकलेट की हल्की कड़वाहट और ऑरेंज जेस्ट की ताजगी मिलकर हलवे की पारंपरिक मिठास को नया स्वाद देते हैं। यह फ्लेवर कॉम्बिनेशन चॉकलेट-ऑरेंज ट्रफल्स की लोकप्रिय विधियों में भी देखने को मिलता है। इस तरह हलवा सिर्फ स्वादिष्ट ही नहीं, बल्कि दिखने में भी खास बन जाता है।
जानें कैसे बनाएं चॉकलेट-गाजर ट्रफल्स
सामग्री:
150-200 ग्राम डार्क या व्हाइट चॉकलेट और थोड़ा ऑरेंज जेस्ट।
रेसिपी:
सबसे पहले गाजर का हलवा तैयार करें। इसमें घी, दूध, चीनी, कंडेंस्ड मिल्क, नारियल और सूखे मेवे डालकर अच्छी तरह पकाएं।
हलवा ठंडा होने पर ट्रे में फैलाएं और फ्रिज में रख दें। ठंडे हलवे को छोटे-छोटे बॉल्स में रोल करें। चॉकलेट को पिघलाएं और बॉल्स को उसमें डुबोकर बटर पेपर पर रखें।
ऊपर से ऑरेंज जेस्ट छिड़कें और फ्रिज में रखकर चॉकलेट को सेट होने दें। यह विधि सरल है और घर पर आसानी से बनाई जा सकती है। पहले से तैयार हलवे का इस्तेमाल करने पर इसे बनाने में भी ज्यादा समय नहीं लगता।
क्यों यह ट्रेंड बन रहा है?
फ्यूजन मिठाइयों की बढ़ती लोकप्रियता का एक उदाहरण बन रही है यह रेसिपी। रेस्टोरेंट्स और मिठाई ब्रांड्स अब पारंपरिक मिठाइयों में ग्लोबल टेक्निक्स और फ्लेवर्स जोड़कर नए रूप दे रहे हैं। जैसे 'Black Carrot Halwa' या 'Coffee Rasgulla Tiramisu'। इस प्रवृत्ति में गाजर हलवा ट्रफल्स भी शामिल हैं। यह पारंपरिक मिठाई को आधुनिक, बाइट-साइज और आकर्षक रूप में पेश करता है।
तो आपने देखा कि यह रेसिपी घर पर आसानी से और झटपट बनाई जा सकती है। इसके लिए किसी खास उपकरण की जरूरत नहीं है।पारंपरिक मिठाई को नया रूप देती ये रेसिपी त्योहारों, पार्टियों या गिफ्टिंग के लिए अच्छा विकल्प है।
स्वाद में संतुलन भी है। हलवे की मिठास, चॉकलेट की गहराई और ऑरेंज की ताजगी इसे खास बनाती है। यह दिखाता है कि कैसे भारतीय मिठाइयां ग्लोबल स्वादों के साथ मिलकर नया रूप ले रही हैं।
इसे और खास कैसे बनाएं?
अगर आप इसे और खास बनाना चाहते हैं, तो ट्रफल्स को ड्राई फ्रूट्स या नारियल से रोल करें। चॉकलेट के ऊपर थोड़ा कद्दूकस किया हुआ संतरे का छिलका भी डाल सकते हैं। आप इसे छोटे कपकेक लाइनर्स में भी सर्व कर सकते हैं। इससे इसका प्रेजेंटेशन और भी अट्रेक्ट करेगा। गाजर का हलवा अब सिर्फ एक पारंपरिक मिठाई तक सीमित नहीं है।
इसे नए स्वाद और अंदाज में परोसकर सर्दियों की मिठास को और खास बनाया जा सकता है। तो अगली बार कुछ नया और स्वादिष्ट बनाने का मन हो, तो चॉकलेट गाजर ट्रफल्स रेसिपी एक बाक ट्राय जरूर करिएगा।