
Causes Of Pimples On Face: आजकल प्रदूषण, खराब लाइफस्टाइल, गलत खानपान और जेनेटिक्स की वजह से बहुत से लोग पिंपल से परेशान रहते हैं। इनसे छुटकारा पाने के लिए कुछ लोग घर के नुस्खे आजमाते हैं, तो कुछ लोग बार-बार नए स्किन केयर प्रोडक्ट्स बदलते रहते हैं, फिर भी पिंपल कई बार लौट ही आते हैं। ऐसे में अगर आप भी इसी परेशानी में हैं, तो आइए जानते हैं कि चेहरे के अलग-अलग हिस्सों पर पिंपल क्यों निकलते हैं और किस जगह पर निकलें तो क्या करना चाहिए।
क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) के अनुसार, माथे से नाक तक का टी जैसा हिस्सा ज्यादातर लोगों में सबसे तैलीय होता है। क्लीवलैंड क्लिनिक के अनुसार, यहां पोर्स और तेल बनाने वाली ग्लैंड्स (सीबेशियस ग्लैंड्स) चेहरे के बाकी हिस्सों से बड़ी होती हैं। इसलिए यहां ब्लैकहेड्स और व्हाइटहेड्स सबसे ज्यादा निकलते हैं। इस तरह के मुंहासों को कॉमेडोनल एक्ने कहते हैं। ऐसे पोर्स को साफ रखने के लिए रोज की स्किन केयर में ऐसी चीजें शामिल करें, जो डेड स्किन सेल्स को पोर्स से बाहर निकालने और सेल टर्नओवर में मदद करें। इसके लिए डॉक्टर से सलाह लेकर सैलिसिलिक एसिड, बेंजोइल पेरोक्साइड और रेटिनॉयड्स जैसे इंग्रीडिएंट्स को स्किन केयर में शामिल कर सकते हैं।
ठुड्डी और जॉलाइन पर निकलने वाले मुंहासों के पीछे अक्सर हॉर्मोन्स हो सकते है। लड़कों में ये पुबर्टी के दौरान और लड़कियों व महिलाओं में पीरियड्स के आसपास हॉर्मोन्स के घटने-बढ़ने की वजह से हो सकते हैं। अगर जॉलाइन के मुंहासे लगातार आ रहे हैं और साथ में पीरियड्स अनियमित हैं, चेहरे या शरीर पर अनचाहे बाल बढ़ रहे हैं या वजन अचानक बदल रहा है, तो डर्मेटोलॉजिस्ट या गायनेकोलॉजिस्ट से मिलें।
गालों के मुंहासे जेनेटिक वजहों या बैक्टीरिया के संपर्क में आने की वजह से हो सकते हैं। इसके अलावा मेकअप ब्रश और स्पंज साफ न होना, मोबाइल फोन का गंदा होना, तकिए के कवर और चादर का गंदा होना या बालों का गालों को छूना भी इसकी वजह हो सकती है। इससे बचने के लिए डॉक्टर से सलाह लेने के बाद सैलिसिलिक एसिड, बेंजोइल पेरोक्साइड या रेटिनॉयड्स को स्किन केयर में शामिल कर सकते हैं। इसके साथ ही बाल, चादर, तकिए का कवर, ब्रश और फोन, सब साफ रखें। तकिए का कवर हफ्ते में एक-दो बार बदलना अच्छी आदत है।
अगर पिंपल सिर्फ माथे के किनारों पर, बालों की जड़ों के पास निकल रहे हैं, तो हो सकता है ये टी-जोन वाला एक्ने न हो। तो ऐसा बालों में लगाए जाने वाले प्रोडक्ट्स की वजह से भी हो सकता है। ऐसे में प्रोडक्ट सिर्फ बालों के सिरों पर लगाएं, जड़ों और स्कैल्प से दूर रखने के साथ ही तेल लगाने के बाद माथा पोंछ लें। इसके अलावा कुछ समय के लिए प्रोडक्ट बदलकर देखें के साथ ही हेलमेट, टोपी और दुपट्टे का अंदर का हिस्सा साफ रखें।
स्किन केयर और लाइफस्टाइल सुधारने के बाद भी अगर मुंहासे हो रहे हैं, या मुंहासे गहरे, दर्द वाले या गांठ जैसे हैं, या मुंहासों के बाद दाग या गड्ढे बन रहे हैं, तो डर्मेटोलॉजिस्ट से संपर्क करना चाहिए।
डिस्क्लेमर: यह लेख इंटरनेट पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर केवल सामान्य जानकारी के लिए लिखा गया है। यह डॉक्टर की सलाह या इलाज का विकल्प नहीं है। पिंपल या स्किन से जुड़ी कोई भी परेशानी होने पर डर्मेटोलॉजिस्ट से संपर्क करें।