
Ajab Gajab Fact: दुनिया में शायद ही कोई ऐसा होगा, जिसे यात्रा करने का शौक न हो। अधिकांश लोग चाहते हैं कि वे पृथ्वी के हर कोने को देखें और उसका अनुभव करें। लेकिन दुनिया की कुछ ऐसी जगहें भी हैं जो अपने अनोखे रहस्य, खतरों या संवेदनशीलता की वजह से आम लोगों की पहुंच से बाहर हैं। इन जगहों पर न तो कोई टूरिस्ट घूमने जा सकता है और न ही किसी बाहरी व्यक्ति को यहां कदम रखने की इजाज़त मिलती है। कुछ जगहें इंसानी सुरक्षा के लिए खतरनाक मानी जाती हैं, तो कुछ को वहां के जीवों या संस्कृति की रक्षा के लिए प्रतिबंधित किया गया है। चलिए जानते हैं दुनिया की 5 ऐसी रहस्यमयी जगहों के बारे में, जहां जाना हर किसी के लिए मना है और हैरानी की बात यह है कि इनमें से एक भारत में भी मौजूद है।
भारत के अंडमान निकोबार द्वीप समूह में स्थित उत्तर सेंटिनल द्वीप दुनिया की सबसे रहस्यमयी और अलग-थलग जगहों में से एक है। यहां ‘सेंटिनलीज’ नामक आदिवासी जनजाति रहती है, जिनका बाहरी दुनिया से कोई संबंध नहीं है। ये लोग बाहरी लोगों को खतरे के रूप में देखते हैं और अपने इलाके में किसी को घुसने नहीं देते। भारत सरकार ने भी इस क्षेत्र को संरक्षित घोषित किया है, जिससे यहां किसी आम व्यक्ति का जाना सख्त मना है।
1986 में हुई चेर्नोबिल परमाणु दुर्घटना के बाद, यह इलाका रेडिएशन से प्रभावित हुआ। आज भी इस क्षेत्र में विकिरण का स्तर इतना खतरनाक है कि यहां लंबे समय तक रहना इंसानों के लिए जानलेवा हो सकता है। यूक्रेन का यह ‘नो एंट्री’ जोन वैज्ञानिकों और रिसर्च टीमों की निगरानी में रहता है और आम लोगों के लिए पूरी तरह प्रतिबंधित है।
‘इल्हा दा क्यूइमाडा ग्रांडे’, जिसे स्नेक आइलैंड के नाम से जाना जाता है, ब्राजील के समुद्री तट के पास स्थित है। इस छोटे से टापू पर दुनिया के सबसे जहरीले सांप ‘गोल्डन लांसहेड वाइपर’ की भारी आबादी पाई जाती है। यहां एक वर्ग मीटर क्षेत्र में कई सांप हो सकते हैं। ब्राजील सरकार ने इस द्वीप पर आम लोगों का जाना पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया है ताकि लोगों की जान भी बचे और इन सांपों की प्रजाति भी संरक्षित रह सके।
नॉर्वे के आर्कटिक क्षेत्र में बर्फ की गहराइयों में बसा है ‘स्वालबार्ड ग्लोबल सीड वॉल्ट’। इसे दुनिया का सबसे सुरक्षित बीज बैंक कहा जाता है, जहां आपात स्थिति के लिए लाखों पौधों के बीज संरक्षित रखे गए हैं। किसी प्राकृतिक आपदा या वैश्विक संकट की स्थिति में यह बैंक मानव जाति के लिए जीवन रेखा बन सकता है। सुरक्षा कारणों से यह स्थान आम नागरिकों के लिए पूरी तरह बंद है।
नेवादा के रेगिस्तान में स्थित एरिया-51 एक गुप्त सैन्य ठिकाना है, जिसे हमेशा रहस्यों और साजिशों का केंद्र माना गया है। लोग मानते हैं कि यहां एलियनों से जुड़े राज छुपाए गए हैं, लेकिन सरकार ने कभी इसे नहीं माना। 2013 में सीआईए ने इसकी मौजूदगी को स्वीकार किया, लेकिन यहां आम लोगों का जाना सख्त मना है और सुरक्षा बहुत कड़ी है।"