
Gift Box Reuse Ideas: दिवाली खत्म होने के बाद अब वेडिंग सीजन शुरू हो चुका है। ऐसे में त्योहार या शादी में आए गिफ्ट अनबॉक्स करने के बाद बॉक्स, रैपिंग पेपर, रिबन और खाली डिब्बों का ढेर लग जाता है। इन्हें ज्यादातर लोग कबाड़ समझकर फेंक देते हैं, जबकि थोड़ी सी मेहनत और क्रिएटिविटी से इन्हें DIY करके घर की सजावट के लिए कई खूबसूरत होम डेकोर आइटम बनाए जा सकते हैं। आइए जानते हैं ऐसे 5 आसान DIY आइडिया, जिन्हें आप घर पर ही बना सकते हैं।
गिफ्ट पैक करने वाले मजबूत गत्ते के डिब्बे पर रैपिंग पेपर अच्छे से चिपका दें, किनारों पर गोंद लगाकर दबा दें और ऊपर से रिबन या लेस लगा दें। इसके बाद स्टोरेज बॉक्स तैयार हो जाएगा। इसमें रिमोट, चार्जर, स्टेशनरी, बच्चों की छोटी चीजें या मेकअप का सामान रख सकते हैं। ध्यान दें, DIY के लिए जो डिब्बा चुनें वो साफ और सूखा हो। नमी लगे गत्ते पर फंगस लग सकता है।
आज के समय में लोग गिफ्ट के साथ-साथ रैपिंग पेपर पर भी ध्यान देते हैं। ऐसे में अगर रैपिंग पेपर के डिजाइन अच्छे हैं, तो उन्हें फेंकने के बजाय वॉल हैंगिंग बना सकते हैं। पेपर को पट्टियों में काटकर, मोड़कर फूल बना लें और इन्हें एक धागे या पुरानी फोटो फ्रेम के अंदर चिपका दें। बच्चों के कमरे या बालकनी के दीवार पर टांगने के लिए ये आइडिया अच्छा है। आप चाहें तो बीच में छोटी सी फेयरी लाइट भी लगा सकते हैं।
मिठाई या ड्राई फ्रूट के खाली छोटे डिब्बे अक्सर यूं ही पड़े रहते हैं या इन्हें फेंक दिया जाता है। इन्हें आपस में गोंद से जोड़कर अलग-अलग खानों वाला ऑर्गनाइजर बनाया जा सकता है। इसे और सुंदर बनाने के लिए ऊपर से पेंट कर दें या रंगीन कागज चिपका दें। स्टडी टेबल पर पेन, पेंसिल, कैंची और स्केल रखने के लिए ये सही रहता है।
गिफ्ट बॉक्स के चौड़े और मजबूत ढक्कन से सजावटी ट्रे बनाया जा सकता है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले ढक्कन को साफ कपड़े से पोंछ लें, ताकि धूल या चिकनाई न रहे। फिर बाहर की तरफ रैपिंग पेपर या रंगीन कागज गोंद से अच्छे से चिपका दें। इसके बाद अंदर की तरफ कोई सुंदर पेपर या कपड़ा लगा दें और उसके ऊपर साफ पारदर्शी शीट चिपका दें, इससे सतह चिकनी रहेगी और दाग भी कम लगेंगे। आप चाहें तो किनारों पर रिबन या लेस लगाकर इसे और अच्छा लुक दे सकते हैं। इसमें चाबी, घड़ी, पर्स या ड्रेसिंग टेबल का छोटा सामान रख सकते हैं।
रिबन, लेस और रंगीन रैपिंग पेपर के बचे टुकड़ों से दरवाजे के लिए तोरण बनाया जा सकता है। कागज के टुकड़ों को फूल, पत्ती या दिल के आकार में काटें और एक मजबूत धागे में पिरो दें। जन्मदिन, किटी पार्टी या छोटे पारिवारिक फंक्शन में इसे सजावट के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है ।