लाइफस्टाइल

गैस सिलेंडर से फर्श पर पड़ गए हैं जंग के दाग? इन आसान तरीकों से करें साफ

Kitchen Cleaning Tips: किचन के फर्श पर गैस सिलेंडर रखने से बने जंग के निशानों को साफ करने में मुश्किल होती है तो आप यहां बताए गए तरीके को फॉलो करके इन्हें आसानी से साफ कर सकते हैं। आइए जानते हैं जंग के इन जिद्दी दागों को हटाने के साथ ही दोबारा लगने से बचाने के लिए क्या करना चाहिए।
3 min read
• •
Updated: 24 Nov 2026, 3:38 PM IST
Kitchen Cleaning Tips
Kitchen के लिए Cleaning Tips (Representative Image) Image Credit gemini and youtube/ VJsWorld_Ammas_Cooking

Rust Stain Removal: किचन में रोजाना काम करने से होने वाली गंदगी पर नजर पड़ने की वजह से अक्सर लोग उसे साफ कर देते हैं, लेकिन जहां गैस सिलेंडर रखा रहता है, वहां फर्श पर अक्सर लाल-भूरे रंग का गोल निशान बन जाता है। इस पर ध्यान न जाने की वजह से सफाई नहीं हो पाती और यह दाग समय के साथ गहरा होता जाता है, जिसे साफ करना आसान नहीं होता। ऐसे में आइए जानते हैं इन्हें कैसे साफ किया जा सकता है और किन बातों का ध्यान रखने से ये दोबारा नहीं जमते।

सिलेंडर को सुरक्षित तरीके से हटाएं

सिलेंडर का निचला हिस्सा लोहे या स्टील से बना होता है और फर्श की नमी या पानी के संपर्क में रहने से उस पर जंग लग जाती है। यही जंग फर्श पर उतर आती है और समय के साथ यह दाग गहरा होता जाता है। ऐसे में दाग साफ करने के लिए सिलेंडर को जगह से सुरक्षित तरीके से हटाने के लिए इन बातों का ध्यान रखें:

  • गैस चूल्हा बंद करें और रेगुलेटर की नॉब बंद कर दें।
  • आसपास कोई माचिस, लाइटर या खुली आग न हो।
  • सिलेंडर को हमेशा खड़ा रखकर ही हटाएं। उसे लिटाएं या घसीटें नहीं।
  • भारी लगे तो किसी की मदद लें।
  • किचन की खिड़की या दरवाजा खुला रखें।

फर्श के मटेरियल का लगाएं पता

दाग को साफ करने से पहले यह पता लगाएं कि फर्श किस चीज से बना है। दरअसल विट्रिफाइड और सेरेमिक टाइल्स पर हल्के एसिड वाले घरेलू तरीके चल जाते हैं। लेकिन मार्बल, ग्रेनाइट, कोटा स्टोन और मोजैक जैसे फर्श नींबू, सिरका या एसिड से खराब हो सकते हैं। उन पर निशान पड़ सकते हैं या चमक कम हो सकती है।

टिप 1: बेकिंग सोडा का करें इस्तेमाल

  • दो-तीन चम्मच बेकिंग सोडा में थोड़ा पानी मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बना लें।
  • पेस्ट को दाग पर लगाकर 15 से 20 मिनट छोड़ दें।
  • ब्रश या स्पंज से हल्के हाथ से साफ करें।
  • गीले कपड़े से पोंछकर फर्श को सूखे कपड़े से सुखा लें।

अगर दाग पुराना हो तो यह प्रक्रिया दो-तीन बार दोहरा सकते हैं।

टिप 2: नींबू और नमक का भी कर सकते हैं इस्तेमाल

जंग साफ करने के लिए नींबू भी असरदार होता है, पर यह तरीका मार्बल, ग्रेनाइट या कोटा स्टोन को साफ करने के लिए न अपनाएं।

  • दाग पर थोड़ा नमक छिड़कें और ऊपर से नींबू का रस डालें।
  • इसे 5 से 10 मिनट रहने दें।
  • सॉफ्ट ब्रश से हल्के हाथ से साफ करें।
  • पानी से अच्छी तरह धोकर कपड़े से सुखा लें।

टिप 3: सफेद सिरके से करें सफाई

सिरके में भी एसिड होता है, इसलिए इसे भी पत्थर के फर्श की सफाई में इस्तेमाल न करें। सफेद सिरके को बराबर मात्रा में पानी में मिलाएं और कपड़े से दाग पर लगाएं। 10 मिनट बाद ब्रश से साफ करें और साफ पानी से धो लें।

टिप 4: रस्ट रिमूवर या टाइल क्लीनर का करें इस्तेमाल

दाग बहुत पुराना हो तो बाजार में मिलने वाले रस्ट रिमूवर या टाइल क्लीनर का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए पैकेट पर लिखे निर्देश ध्यान से पढ़ें और दस्ताने पहनकर साफ करें।

इन बातों का भी रखें ध्यान

  • सफाई करते समय दस्ताने पहनें, ताकि केमिकल या नींबू-सिरके से हाथ में जलन न हो।
  • स्टील वूल या तार वाले स्क्रबर से न रगड़ें। इससे टाइल्स की चमक कम हो सकती है।
  • सफाई के बाद फर्श को पूरी तरह सुखा लें, तभी सिलेंडर वापस रखें।
  • सिलेंडर के नीचे जंग ज्यादा लगी दिखे, तो उसे खुद खुरचकर या रगड़कर साफ न करें।

दोबारा दाग न पड़े, इसके लिए करें ये काम

  • सिलेंडर को सीधे फर्श पर रखने के बजाय सिलेंडर ट्रॉली या रबर या प्लास्टिक के स्टैंड पर रखें, ताकि नीचे हवा आती रहे।
  • सिलेंडर वापस रखने से पहले उसके नीचे के हिस्से को सूखे कपड़े से पोंछें और उस जगह को भी साफ रखें, ताकि वहां गीलापन न रहे।
  • किचन में पोंछा लगाते समय सिलेंडर के आसपास पानी जमा न होने दें।
  • हफ्ते में एक बार सिलेंडर हटाकर उसके नीचे की जगह साफ और सूखी कर लें।
Updated on:
24 Nov 2026, 3:38 PM IST
Published on: