
पानी टंकी साफ करने के लिए Cleaning Tips/ image credit youtube/@MaaYehKaiseKarun and chatgpt
How To Clean Water Tank: पानी की टंकी की सफाई करने की जब भी बारी आती है, तो ज्यादातर लोगों को लगता है कि बिना टंकी को पूरा खाली किए या उसमें उतरे उसे साफ नहीं किया जा सकता। इसके साथ ही डीप क्लीनिंग कराने के लिए किसी एक्सपर्ट को बुलाना पड़ेगा। लेकिन ऐसा जरूरी नहीं है। आप घर में मौजूद चीजों का इस्तेमाल करके डीआईवाई टूल बना सकते हैं। इसकी मदद से बिना टंकी में उतरे और बिना पूरा पानी खाली किए भी टंकी की सफाई की जा सकती है। आइए जानते हैं कैसे।
टंकी साफ करने के लिए डीआईवाई टूल बनाने के लिए आपको एक खाली प्लास्टिक की बोतल, एक पतला पाइप, एक पीवीसी पाइप, टेप और चाकू की जरूरत होगी। अगर पतला पाइप नहीं है, तो घर में मौजूद किसी दूसरी पाइप का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
सबसे पहले प्लास्टिक की बोतल के नीचे वाले हिस्से को काट लें। इसके बाद बोतल के किनारों पर पास-पास छोटे-छोटे कट लगा दें, ताकि वैक्यूम बन सके। अब इसमें पतला पाइप अच्छी तरह फिट करें और टेप से कसकर बांध दें। पाइप के दूसरे सिरे को दूसरी पाइप से जोड़ दें, ताकि कहीं से हवा न निकले।
तैयार किए गए पाइप को टंकी के अंदर उस जगह तक ले जाएं, जहां सबसे ज्यादा मिट्टी जमा होती है। अगर शुरुआत में पानी बाहर न आए, तो पाइप को हल्का सा खींचकर पानी का फ्लो शुरू करें। इसके बाद पाइप को धीरे-धीरे नीचे घुमाएं। ऐसा करने से नीचे बैठी मिट्टी और कचरा पानी के साथ बाहर निकलने लगेगा।
लेकिन ध्यान दें, पाइप को बहुत तेजी से इधर-उधर न घुमाएं। धीरे-धीरे चलाने से नीचे जमी मिट्टी आसानी से बाहर निकलती है। अगर पाइप कहीं से ढीला लगे, तो पहले उसे टेप से अच्छी तरह बंद कर लें, ताकि वैक्यूम बना रहे और सफाई ठीक से हो सके। अगर टंकी में बहुत ज्यादा गंदगी नहीं है, तो करीब 10 से 15 मिनट में नीचे जमी मिट्टी निकल सकती है। वहीं, अगर लंबे समय से सफाई नहीं हुई है, तो इसमें ज्यादा समय लग सकता है।
पानी की टंकी की सफाई हर तीन से चार महीने में एक बार करनी चाहिए। इससे टंकी में मिट्टी और गंदगी ज्यादा जमा नहीं होगी। साथ ही नल, शॉवर और दूसरे फिटिंग में भी मिट्टी नहीं जाएगी।
Updated on:
11 Jul 2026 10:37 am
Published on:
11 Jul 2026 10:37 am
