10 जुलाई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Jaipur Weekend Getaway: जयपुर के पास अजमेर, पुष्कर, अलवर, नीमराना और सवाई माधोपुर हैं वीकेंड ट्रिप के बेस्ट डेस्टिनेशन

Jaipur Weekend Trip: आने वाले वीकेंड पर अगर आप जयपुर के पास किसी खूबसूरत जगह घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो आप अजमेर, पुष्कर, अलवर, नीमराना और सवाई माधोपुर जैसी 5 बेहतरीन डेस्टिनेशन में से किसी एक जगह का ट्रिप प्लान कर सकते हैं।
2 min read
Google source verification
Jaipur Weekend Getaway, Ajmer Pushkar Trip

Jaipur के पास वीकेंड ट्रिप के लिए बेस्ट डेस्टिनेशन (representative image) image credit chatgpt

Places To Visit Near Jaipur: अगर आप इस वीकेंड पर जयपुर से बाहर किसी पास की खूबसूरत जगह घूमने का प्लान बना रहे हैं, लेकिन समझ में नहीं आ रहा कि कहां जाएं, तो यहां बताई गई 5 खूबसूरत और ऐतिहासिक जगहों में से अपनी पसंद और बजट के हिसाब से किसी एक जगह का ट्रिप प्लान कर परिवार, दोस्तों या पार्टनर के साथ यादगार समय बिता सकते हैं। आइए जानते हैं जयपुर के पास घूमने के लिए 5 बेहतरीन डेस्टिनेशन कौन-कौन से हैं।

अजमेर

जयपुर से लगभग 2.30 घंटे की दूरी पर स्थित अजमेर अपनी ऐतिहासिक और धार्मिक जगहों के लिए मशहूर है। ऐसे में अगर आपको ऐतिहासिक या आध्यात्मिक जगहें एक्सप्लोर करना पसंद है, तो आप यहां का प्लान बना सकते हैं। यहां ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की अजमेर शरीफ दरगाह, आना सागर झील और तारागढ़ किला जैसी जगहें फेमस हैं।

पुष्कर

जयपुर से लगभग 2.30 से 3 घंटे की दूरी पर स्थित पुष्कर वीकेंड पर घूमने के लिए एक बेहतरीन जगह है। अपनी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत के लिए दुनिया भर में प्रसिद्ध पुष्कर में आप पुष्कर झील में स्नान करने के साथ ही दुनिया के एकमात्र ब्रह्मा मंदिर के दर्शन कर सकते हैं। इसके अलावा आप सावित्री माता मंदिर के दर्शन करने के बाद यहां से पूरे शहर का खूबसूरत नजारा देख सकते हैं। साथ ही स्थानीय बाजार, कैफे और रेगिस्तानी सफारी का भी आनंद ले सकते हैं।

अलवर

जयपुर से लगभग 3 घंटे की दूरी पर स्थित अलवर इतिहास और प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर है। यह परिवार या दोस्तों के साथ घूमने के लिए अच्छी जगह है। जयपुर के अलावा दिल्ली से भी पास होने की वजह से आप वीकेंड पर यहां आ सकते हैं। यहां आप बाला किला, भानगढ़ का किला, सरिस्का टाइगर रिजर्व और सिलिसेढ़ झील जैसी जगहें एक्सप्लोर कर सकते हैं।

नीमराना

अगर आप किसी शाही महल में समय बिताने का अनुभव लेना चाहते हैं या एडवेंचर एक्टिविटी करने का सोच रहे हैं, तो नीमराना जा सकते हैं। जयपुर से लगभग 2.30 घंटे की दूरी पर स्थित नीमराना 552 साल पुराने नीमराना फोर्ट पैलेस (Neemrana Fort-Palace) के लिए फेमस है। इस शानदार हेरिटेज होटल में आप हैंगिंग गार्डन्स, प्राचीन वास्तुकला और एडवेंचर एक्टिविटीज का आनंद ले सकते हैं।

सवाई माधोपुर

अगर आप एनिमल लवर हैं, तो सवाई माधोपुर आपके लिए बेहतरीन विकल्प है। जयपुर से लगभग 3 घंटे की दूरी पर स्थित सवाई माधोपुर घूमने के लिए बेहतरीन जगह है। इस जगह को 'टाइगर सिटी' (Tiger City) के नाम से जाना जाता है। ऐसे में आप यहां रणथंभौर नेशनल पार्क में टाइगर सफारी का रोमांचक अनुभव ले सकते हैं।