
Gas Lighter Repairing Tips: बारिश के दिनों में गैस जलाने के लिए माचिस के साथ इस्तेमाल किया जाने वाला लाइटर भी कई बार ठीक से काम नहीं करता। कभी लाइटर से चिंगारी नहीं निकलती, तो कभी स्पार्क आने के बावजूद गैस नहीं जल पाती। आइए जानते हैं कि गैस का लाइटर न जले तो क्या करना चाहिए और इसे इस्तेमाल करते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए, जिससे यह लंबे समय तक बिना खराब हुए चले।
किचन में काम करते समय लाइटर पर पानी के छींटे पड़ने या पानी में भीग जाने पर इसमें नमी आ सकती है। इससे लाइटर की कार्यक्षमता प्रभावित हो सकती है और लंबे समय तक नमी रहने पर लाइटर में जंग भी लग सकती है। इसलिए लाइटर गीला होने पर सबसे पहले उसे सूखे कपड़े से अच्छी तरह पोंछकर सुखाने के बाद ही इस्तेमाल करें।
खाना बनाते समय तेल, मसाले और दूसरी गंदगी लाइटर के बाहरी हिस्से पर जमा हो सकती है। कई बार इसकी वजह से लाइटर में स्पार्क तो आता है, लेकिन गैस ठीक से नहीं जलती। ऐसी स्थिति में लाइटर के बाहरी हिस्से को पानी में विनेगर और बेकिंग सोडा डालकर एक घोल बनाएं। फिर कॉटन बड (क्यू-टिप) की मदद से इसे साफ करें।
अगर लाइटर का बटन दबाने पर क्लिक जैसी आवाज आ रही है, लेकिन चिंगारी दिखाई नहीं दे रही, तो उसके इग्निशन मैकेनिज्म में खराबी हो सकती है। ऐसी स्थिति में लाइटर को खुद खोलकर ठीक करने की कोशिश न करें। इसे किसी रिपेयर तकनीशियन को दिखाएं या लाइटर बदल दें।
लाइटर को पानी से दूर रखने के साथ ही इस्तेमाल करने के बाद इसे गैस चूल्हे के पास रखने के बजाय किसी सूखी जगह पर रखें। अगर लाइटर बहुत पुराना हो गया है, टूट गया है, स्पार्क अनियंत्रित तरीके से आ रहा है या बार-बार खराब हो रहा है, तो उसे इस्तेमाल करने के बजाय नया लाइटर ले लें।