लाइफस्टाइल

सर्दियों में भुनी मूंगफली का कुरकुरापन रहेगा बरकरार, बस स्टोर करते समय न करें ये गलतियां 

Roasted Peanuts Storage Tips: सर्दियों में भुनी हुई मूंगफली को खुला रखने पर वह कुछ ही देर में नरम पड़ जाती है, जिससे उसका स्वाद और कुरकुरापन दोनों कम हो जाते हैं। ऐसे में मूंगफली को लंबे समय तक कुरकुरा और ताजा बनाए रखने के लिए क्या करना चाहिए? आइए जानते हैं इससे जुड़े कुछ आसान किचन हैक्स।
3 min read
• •
Updated: 25 Nov 2026, 12:23 PM IST
Peanuts Storage Tips
सर्दियों के लिए Peanuts Storage Tips (Representative Image) Image Credit Magnific

How To Keep Peanuts Crispy: सर्दियां आते ही बाजार में भुनी मूंगफली हरी चटनी और काले या सादे नमक के साथ मिलने लगती है। घर लाने के तुरंत बाद खाने पर ये अच्छी लगती है, लेकिन थोड़ी देर रखने पर नरम पड़ने लगती है और स्वाद भी बिगड़ने लगता है। ऐसे में आइए जानते हैं मूंगफली को लंबे समय तक क्रिस्पी कैसे रखें, ताकि कुरकुरापन भी बना रहे और स्वाद भी खराब न हो। इसके साथ ही घर पर मूंगफली भूनकर उसे लंबे समय तक कैसे स्टोर किया जा सकता है, इससे जुड़े जरूरी टिप्स।

बाजार से मूंगफली लाने के बाद करें ये काम

अगर आप बाजार से भुनी हुई मूंगफली लेकर आए हैं, तो सबसे पहले चटनी और नमक के पैकेट अलग कर दें, क्योंकि चटनी की नमी से मूंगफली जल्दी नरम पड़ती है। इसके बाद अगर मूंगफली पेपर बैग में मिली है, तो उसे किसी एयरटाइट डिब्बे में रखकर बंद कर दें। अगर प्लास्टिक बैग में है, तो उसे अच्छे से बांधें ताकि उसमें हवा न जाए। इसके अलावा मूंगफली को गर्म रखने के लिए इसे किसी थर्मल कंटेनर में भी रख सकते हैं।

मूंगफली को पूरी तरह ठंडा होने दें

घर पर भुनी मूंगफली स्टोर करते समय सबसे ज्यादा गलती यही होती है कि भुनी हुई गर्म-गर्म मूंगफली को सीधे डिब्बे में डाल दिया जाता है। गर्म मूंगफली से भाप निकलती है, जो डिब्बे के अंदर नमी बना देती है और कुरकुरापन चला जाता है। इसलिए भूनने के बाद मूंगफली को प्लेट में फैलाकर खुली हवा में पूरी तरह ठंडा होने दें। इसके बाद ही स्टोर करें।

एयरटाइट डिब्बा चुनें

मूंगफली को ऐसे डिब्बे में रखें जिसका ढक्कन कसकर बंद होता हो। कांच का जार इसके लिए अच्छा रहता है, क्योंकि उसमें न नमी घुसती है और न दूसरी चीजों की गंध। प्लास्टिक का डिब्बा लें, तो फूड-ग्रेड और सही सील वाला लें।

सही जगह पर करें स्टोर

सर्दियों में रसोई में खाना पकने की भाप और बर्तन धोने से नमी बनी रहती है। इसलिए डिब्बे को चूल्हे, सिंक या खिड़की के पास रखने के बजाय किसी ठंडी, सूखी जगह पर रखें। सीधी धूप और गर्मी वाली जगह पर भी रखने से बचें।

हर बार थोड़ी ही मूंगफली निकालें

डिब्बा बार-बार खोलने और गीले हाथ या गीले चम्मच से मूंगफली निकालने पर नमी अंदर पहुंच जाती है। इसलिए सूखे चम्मच का इस्तेमाल करें, या एक बार में जितनी खानी हो उतनी निकालकर डिब्बा तुरंत बंद कर दें।

मसाला और नमक बाद में डालें

अगर आप मसाला या चाट मसाला वाली मूंगफली खाते हैं, तो पूरे डिब्बे में मसाला मिलाकर न रखें। खाने से ठीक पहले जितनी चाहिए, उतनी में ही मसाला मिलाएं।

थोड़ी-थोड़ी मात्रा में भूनें

फ्रेश भुनी मूंगफली का स्वाद और कुरकुरापन सबसे अच्छा रहता है। इसलिए एक बार में बहुत ज्यादा भूनकर रखने के बजाय जरूरत के हिसाब से थोड़ी-थोड़ी भूनें। भूनते समय तेल न डालें, क्योंकि ऊपर तेल की परत होने से ठंडा होने के बाद मूंगफली को कुरकुरा रखना थोड़ा मुश्किल हो जाता है।

नरम पड़ चुकी मूंगफली को फिर से कुरकुरी बनाएं

अगर मूंगफली नरम हो गई है, तो उसे फेंकने की जरूरत नहीं है, लेकिन पहले चेक कर लें कि उसमें खराबी के लक्षण तो नहीं दिख रहे हैं। इसके बाद आप इसे दो तरीकों से दोबारा कुरकुरी बना सकते हैं। कड़ाही में बिना तेल डाले गैस की धीमी से मध्यम आंच पर मूंगफली को लगातार चलाते हुए कुछ मिनट भूनें। वहीं ओवन में इसे ट्रे में एक परत में फैलाकर कम तापमान (करीब 120 से 130 डिग्री) पर 5 से 10 मिनट गर्म करें।

मूंगफली में ये चीजें दिखें तो खाने से करें परहेज

  • खट्टी या सीलन जैसी गंध आना
  • मूंगफली का सिकुड़ा हुआ या रंग बदला हुआ दिखना
  • दानों पर फफूंद (मोल्ड) दिखना
Updated on:
25 Nov 2026, 12:23 PM IST
Published on: