How To Make Ghee at Home: अगर आप बाजार से मिलावटी घी खरीदने के बजाय घर पर ही घी बनाने का सोच रहे हैं, तो हमारी आज की यह स्टोरी आपके काम आ सकती है। आज की इस स्टोरी में हम घी निकालने की एक ऐसी ट्रिक बताने जा रहे हैं, जिससे आप कम मलाई में भी ज्यादा घी निकाल पाएंगे।
Pure Desi Ghee Recipe: हेल्दी और फिट रहने के लिए कुछ साल पहले लोगों ने घी खाना छोड़ दिया था, लेकिन हाल के दिनों में घी के फायदों पर हुई कई रिसर्च के बाद लोगों ने इसे दोबारा अपनी डाइट का हिस्सा बनाना शुरू कर दिया है। घर का बना शुद्ध देसी घी न केवल स्वाद में लाजवाब होता है, बल्कि सेहत के लिए भी बहुत फायदेमंद है। लोग बाजार से महंगे दामों में घी खरीदते हैं क्योंकि उन्हें लगता है कि घी निकालने के लिए बहुत ज्यादा दूध की जरूरत होती है। लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी कि घर में रोजाना आने वाले दूध की मलाई से ही आप आसानी से ढेर सारा शुद्ध घी निकाल सकते हैं। आज के इस लेख में आइए जानते हैं कि कम मलाई से ज्यादा घी आप घर पर कैसे निकाल सकते हैं।
ज्यादा घी बनाने के लिए सबसे पहले रोजाना उबले हुए दूध को फ्रिज में रख दें, इससे दूध पर एक मोटी मलाई की परत जम जाएगी। इसके बाद इस मलाई को निकालकर एक साफ डिब्बे में इकट्ठा करें और उसे फ्रिज में ही रखें। सात-आठ दिनों में इतनी मलाई जमा हो जाएगी कि आप उससे आसानी से घी निकाल सकेंगे।
घी निकालने से पहले, जमा की हुई मलाई में एक-दो चम्मच दही मिलाकर उसे पांच-छह घंटे या रात भर के लिए बाहर रूम टेम्परेचर पर रख दें। इससे मलाई हल्की खट्टी हो जाएगी और मक्खन ज्यादा मात्रा में निकलेगा। अगले दिन मिक्सी या मथनी से मलाई को फेंटें और उसमें थोड़ा ठंडा पानी डालें, इससे मक्खन बहुत जल्दी ऊपर आ जाएगा।
मलाई से मक्खन निकालने के बाद उसे बर्तन से निकालें और धीमी आंच पर गरम करने के लिए रखें। धीरे-धीरे यह सुनहरा घी बन जाएगा और नीचे मावा अलग हो जाएगा। फिर इसे ठंडा करके किसी बर्तन में कपड़े या चाय की छननी से छानकर रख लें।
ज्यादा घी निकालने के लिए ध्यान रखें कि फुल क्रीम दूध की मलाई लें। इसके अलावा मथने से पहले मलाई को रूम टेम्परेचर पर लाना न भूलें और घी को हमेशा धीमी आंच पर ही पकाएं। इस तरीके से बना हुआ घी बहुत खुशबूदार और स्वादिष्ट होता है।