
Gud Ki Chai Tips: सर्दियों में बाजार में ताजा गुड़ आसानी से मिलने लगता है, जिसके चलते कई घरों में चीनी की जगह गुड़ की चाय बनाई जाने लगती है। लेकिन इसे बनाते समय अक्सर दूध फट जाता है, जिससे चाय का स्वाद और रंग दोनों खराब हो जाते हैं। ज्यादातर मामलों में इसकी वजह चाय बनाने का गलत तरीका होता है। ऐसे में आइए जानते हैं गुड़ की चाय बनाते समय किन गलतियों से बचना चाहिए और इसे सही तरीके से कैसे बनाएं।
गुड़ की चाय बनाते समय सबसे आम गलती यही होती है कि उबलते दूध वाली चाय में सीधे गुड़ डाल दिया जाता है। इससे बचने के लिए सही तरीका यह है कि चाय पूरी तरह बन जाने के बाद गैस बंद करें। फिर 20-30 सेकंड रुकें, ताकि चाय का तापमान थोड़ा कम हो जाए। इसके बाद गुड़ डालकर जल्दी से चलाएं।
गुड़ का बड़ा टुकड़ा चाय में डालने से वो देर से घुलता है और चाय को ज्यादा देर तक गर्म रखना पड़ता है, जिससे दूध फटने का खतरा बढ़ता है। इसलिए गुड़ को कद्दूकस कर लें या पाउडर के रूप में इस्तेमाल करें। इससे वो गैस बंद करने के बाद भी जल्दी घुल जाता है। चाहें तो गुड़ सीधे कप में डालकर ऊपर से छनी हुई चाय भी डाल सकते हैं।
बहुत पुराना गुड़ नमकीन या कड़वा हो सकता है, जिससे चाय का स्वाद बिगड़ जाता है। हो सके तो ताजा गुड़ लें और उसका स्वाद पहले चख लें फिर इस्तेमाल करें।
गुड़ की चाय में भी चाय पत्ती का रंग और स्वाद तभी आता है, जब उसे पहले पानी में अच्छे से उबाला जाए। इसलिए चाय पत्ती को उबालने के साथ ही अदरक या इलायची डालनी हो तो वे भी इसी समय डालें। जब काढ़ा तैयार हो जाए, तब उसमें दूध डालें और धीमी आंच पर एक उबाल आने दें। दूध डालने के बाद चाय को ज्यादा देर तक न उबालें, वरना चाय कड़वी हो सकती है।
चाय में फ्रिज का ठंडा दूध सीधे डालने से तापमान में अचानक बदलाव आता है, जिससे दूध फटने की संभावना बढ़ जाती है। दूध को कमरे के तापमान पर रखकर या हल्का गर्म करके डालें। इससे चाय का स्वाद भी बेहतर रहता है।