
Rajasthani Leheriya Dupatta: सावन के आते ही रंग बिरंगे कपड़ों की डिमांड मार्केट में बढ़ जाती है। ऐसे में अगर आप आने वाले दिनों के लिए अपनी पसंद के रंगों से टाई एंड डाई (Tie and Dye) करना चाहती हैं, तो राजस्थान की फेमस लहरिया टेक्निक की मदद से खूबसूरत लहरिया दुपट्टा बना सकती हैं। आइए जानते हैं, स्टेप बाय स्टेप लहरिया दुपट्टा बनाने का आसान तरीका।
लहरिया दुपट्टा सफेद रंग के दुपट्टे पर ज्यादा खूबसूरत लगता है, क्योंकि इस पर रंग अच्छी तरह उभरकर दिखाई देता है। हालांकि, आप हल्के रंग के दुपट्टे का भी इस्तेमाल कर सकती हैं, लेकिन उसका बेस कलर ज्यादा गाढ़ा नहीं होना चाहिए। लहरिया डिजाइन बनाने के लिए सबसे पहले दुपट्टे का एक कोना पकड़ें और उसे तिरछा मोड़ते हुए पूरी तरह रोल कर लें।
दुपट्टे को मोड़ने के बाद उसे मजबूत धागे से कसकर बांधें। धागे के बीच जितना कम या ज्यादा गैप रखेंगे, उसी के अनुसार लहरिया की पट्टियां बनेंगी। अगर आपको बारीक लहरिया डिजाइन चाहिए, तो कम दूरी पर धागा बांधें और अगर चौड़ी पट्टियां चाहिए, तो धागे के बीच ज्यादा दूरी रखें। सबसे जरूरी बात यह है कि धागा अच्छी तरह कसा हुआ होना चाहिए, ताकि रंग अंदर तक न जा सके। आप चाहें तो इसे चेक डिजाइन में भी बना सकती हैं।
बंधाई पूरी होने के बाद दुपट्टे को अपनी पसंद के रंग वाले पानी में डालें। ध्यान रखें कि रंग के साथ साधारण खाने वाला नमक भी मिलाएं, जिससे कपड़े पर रंग अच्छी तरह चढ़ सके। इसके बाद दुपट्टे को अच्छी तरह डुबोएं, ताकि रंग अंदर तक सही तरीके से पहुंच जाए। फिर धागा खोलकर दुपट्टे को सूखने के लिए रख दें।
अगर आप दुपट्टे में चेक डिजाइन बनाना चाहती हैं, तो दुपट्टा सूखने के बाद दूसरी बार बंधाई पहली बंधाई की उलटी दिशा में करें। जब दूसरी तरफ भी लहरिया डिजाइन बनेगा, तो दोनों पैटर्न आपस में मिलकर चेक डिजाइन तैयार करेंगे। ध्यान दें, इस स्टेप में भी धागे को अच्छी तरह कसकर बांधना जरूरी है।
अब दुपट्टे को अपनी पसंद के दूसरे रंग में दोबारा रंगें और उसे सूखने के लिए रख दें। इसके बाद बंधाई खोल दें।लीजिए, आपके सिंपल दुपट्टे पर दोनों दिशाओं के डिजाइन मिलकर खूबसूरत चेक लहरिया पैटर्न तैयार है।
धागे का हमेशा मजबूत इस्तेमाल करें और उसे अच्छी तरह कसकर बांधें। रंग वाले पानी में नमक जरूर मिलाएं, जिससे रंग पक्का चढ़ सके। इसके साथ ही रंग लगाते समय दुपट्टे को बार बार हिलाते रहें, ताकि रंग पूरे कपड़े पर समान रूप से चढ़ सके।