
How To Save Money Effectively: आज के समय में चाहे कम सैलरी में काम करने वाला एक छोटा इंप्लाई हो या मैनेजर की पोस्ट पर बैठा अच्छी खासी सैलरी उठाने वाला कोई सीनियर, सबसे बचत से जुड़ी बातें करने में बस एक ही बात सुनने को मिलती है कि कमाई से ज्यादा तो खर्चे हैं। ऐसे में हर कोई बचत करना चाहता है, लेकिन सही तरीका नहीं जानता। ऐसे में अगर आप भी बचत करने के बारे में सोच रहे हैं, तो यहां दिए गए कुछ आसान स्टेप्स फॉलो कर बचत कर सकते हैं।
जब भी कुछ महंगा खरीदने का मन करे, तो उसे तुरंत खरीदने के बजाय 21 दिन तक रुकें। तब तक आप उस चीज से डिटैच हो सकते हैं। अगर 21 दिन बाद भी आपको लगे कि उसकी वाकई जरूरत है, तभी खरीदें। अक्सर कुछ दिनों बाद वह चीज लेने की इच्छा खत्म हो जाती है।
शॉपिंग के लिए जाने से पहले लिस्ट बनाने की आदत डालें, ताकि जरूरत का सामान ही लिखा जाए। फिर बाजार में उसी की खरीदारी करें, जो लिस्ट में है। इससे आप बिना सोचे-समझे खरीदारी से बचेंगे और पैसे बचेंगे।
सैलरी आने के साथ ही शॉपिंग के लिए बजट तय करें। शॉपिंग के लिए 'कैश' लेकर जाएं। जब पर्स खाली होने लगता है, तो खर्च से डर लगता है। जबकि ऑनलाइन पेमेंट से यह डर नहीं आ पाता और खर्च बढ़ता है।
मोबाइल फोन में शॉपिंग एप होना भी मुसीबत है। इनके नोटिफिकेशन खर्च बढ़ाते हैं। एप्स को अनइंस्टॉल कर दें, ताकि खाली समय में बिना वजह कोई चीज ऑर्डर नहीं करेंगे।
कई बार ऐसा होता है कि लोग जरूरत पड़ने पर कुछ चीजों का सब्सक्रिप्शन तो ले लेते हैं, लेकिन उनका इस्तेमाल करना भूल जाते हैं, लेकिन ऑटो-डेबिट (autodebit) के जरिए पैसे कटते रहते हैं। ऐसे में अगर आपको भी नोटिफिकेशन आते हैं कि आपके पैसे कटे हैं, लेकिन समझ में नहीं आता कि कहां कटे हैं या छोटे-मोटे अमाउंट होने की वजह से ध्यान नहीं देते हैं, तो ऐसा करने से बचें। ऐसे 5-6 सब्सक्रिप्शन के साथ करने से महीने के आखिर में ज्यादा पैसे खर्च हो जाते हैं।
बचत करने का सबसे सही नियम 50-30-20 होता है। इसका मतलब अपनी सैलरी को तीन हिस्सों में बांटें। 50% हिस्सा जरूरतों के काम के लिए, 30% हिस्सा इच्छाओं के लिए और 20% हिस्सा भविष्य के लिए बचत या निवेश के लिए अलग रखें। ऐसा करने से आप अपनी सीमित सैलरी में अपनी जरूरत की चीजों को पूरा करने के साथ ही भविष्य के लिए अच्छी बचत भी कर पाएंगे।