
Immersion Rod Safety Tips: सर्दी में सुबह-सुबह ठंडे पानी से नहाने का मन नहीं करता है। ऐसे में ज्यादातर लोग नहाने के लिए गुनगुने पानी का इस्तेमाल करते हैं, जिसके लिए बहुत से लोग अपने घरों में गीजर लगवाते हैं। इसके अलावा कुछ लोग पानी गर्म करने वाली रॉड का भी इस्तेमाल करते हैं, जिससे बाल्टी में पानी भरकर गर्म किया जाता है। लेकिन थोड़ी सी लापरवाही में रॉड प्लास्टिक की बाल्टी से छू जाती है, जिससे प्लास्टिक पिघल जाता है और बाल्टी में छेद हो जाता है। इससे पानी फैल जाता है और बिजली का खतरा भी बन जाता है। ऐसे में कुछ आसान बातों का ध्यान रखकर इससे बचा जा सकता है। आइए जानते हैं इससे जुड़ी टिप्स और हैक्स, जिनसे इससे बचा जा सकता है।
बाल्टी जलने या पिघलने की सबसे बड़ी वजह यही है कि रॉड का गर्म हिस्सा बाल्टी के किनारों से छू जाता है। रॉड को हमेशा बाल्टी के बीच में पानी के अंदर लटकाकर रखें। इसके लिए बाजार में रॉड होल्डर या क्लिप मिल जाते हैं, जो बाल्टी के किनारे पर टिक जाते हैं। कई रॉड के साथ पहले से ही स्टैंड या हुक आता है, उसका इस्तेमाल भी कर सकते हैं।
पतली और सस्ती बाल्टी गर्म पानी में जल्दी नरम पड़ जाती है। इसलिए पानी गर्म करने के लिए बाल्टी लेते समय देख लें कि वो मोटे प्लास्टिक की हो और उस पर गर्म पानी के लिए सही होने की जानकारी लिखी हो। दुकानदार से भी पूछ सकते हैं। इसके अलावा पुरानी जिस बाल्टी में दरार हो या जो पहले से कहीं से पिघली हुई हो, उसे दोबारा रॉड के साथ इस्तेमाल न करें।
कुछ लोग बाल्टी में कम पानी भरने के बाद भी रॉड लगा देते हैं। इससे पानी में डूबा हिस्सा तो पानी गर्म करता है, लेकिन जो हिस्सा बाहर रहता है वो गर्म होकर बाल्टी को पिघला सकता है। इसलिए इससे बचने के लिए कभी भी बिना पानी या कम पानी में रॉड को चालू न करें। रॉड का पूरा गर्म हिस्सा पानी में डूबा होना चाहिए। खाली या आधी डूबी रॉड बहुत जल्दी ज्यादा गर्म हो जाती है, जिससे बाल्टी भी खराब होती है और रॉड भी जल्दी बेकार हो जाती है। इसलिए पहले रॉड को पानी में रखें, फिर प्लग लगाएं। बंद करते समय भी पहले प्लग निकालें, उसके बाद ही रॉड बाहर निकालें।
ज्यादातर जगहों पर पानी में नमक या मिनरल ज्यादा होते हैं, जिससे रॉड पर सफेद परत जम जाती है। ये परत गर्मी को ठीक से पानी तक नहीं पहुंचने देती और रॉड जरूरत से ज्यादा गर्म होने लगती है। महीने में एक-दो बार रॉड को बंद और पूरी तरह ठंडी करने के बाद नींबू या सफेद सिरके के पानी में कुछ देर रखकर साफ कर लें। रॉड खरीदते समय भी ISI मार्क देखें और सस्ते, बिना ब्रांड वाले सामान से बचें।
पानी गर्म करते समय अगर आप ध्यान रखने के बाद भी बाल्टी को जला देते हैं, तो इसके लिए आप एक DIY रॉड स्टैंड बना सकते हैं। इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक लकड़ी का पट्टा लें, जो बाल्टी के मुंह के साइज से थोड़ा सा बड़ा हो। फिर इस लकड़ी के बीच में पानी गर्म करने वाली रॉड ऐसे लगाएं कि वो अपनी जगह से हिले नहीं। इसके बाद इसे पानी गर्म करने में इस्तेमाल करें। ऐसा करने से रॉड बाल्टी के किनारों से छुएगी नहीं। ध्यान रहे कि लकड़ी सूखी हो और रॉड का गर्म हिस्सा लकड़ी से न छुए, वो पूरा पानी में ही डूबा रहे।