
Karishma Tanna Pregnancy Journey: आज के समय में लोगों की सोच मां बनने को लेकर काफी बदल रही है। पहले जहां महिलाओं पर 20 या 30 की उम्र तक बच्चे की प्लानिंग करने का दबाव रहता था, वहीं अब महिलाएं अपने करियर और पर्सनल लाइफ को ध्यान में रखकर मां बनने का फैसला खुद ले रही हैं। ऐसे ही एक्ट्रेस करिश्मा तन्ना 42 साल की उम्र में मां बनने जा रही हैं। आइए जानते हैं कि प्रेग्नेंसी जर्नी को एक्ट्रेस कैसे एंजॉय कर रही हैं।
करिश्मा ने एक इंटरव्यू में अपनी प्रेग्नेंसी जर्नी के बारे में बात करते हुए बताया कि उन्होंने कभी भी बच्चे को लेकर जल्दी महसूस नहीं की। उन्हें कभी ऐसा नहीं लगा कि उम्र निकल रही है या मां बनने के लिए कोई तय समय होता है।
दरअसल, शुरुआत में एक्ट्रेस खुद भी तय नहीं कर पाई थीं कि उन्हें बच्चा चाहिए या नहीं, क्योंकि उनकी जिंदगी में पहले से काफी सारी जिम्मेदारियां थीं। वह अपने काम पर ध्यान देना चाहती थीं और नई जिम्मेदारियां लेने के लिए तैयार नहीं थीं।
एक समय ऐसा भी था जब वह खुद को ज्यादा मातृत्व वाली महिला नहीं मानती थीं। उनकी दुनिया उनके पति, उनके डॉग, उनकी मां और उनका करियर थी। लेकिन बाद में जब उन्हें लगा कि वह मां बनने के लिए तैयार हैं, तो उन्होंने इस फैसले को खुशी से स्वीकार किया।
पहले के समय में 20-30 की उम्र में मां बनना सही माना जाता था। वहीं, इस बारे में बात करते हुए करिश्मा तन्ना बताती हैं कि आज के समय में मां बनने का फैसला सिर्फ उम्र देखकर नहीं लेना चाहिए। महिला का मानसिक और शारीरिक रूप से तैयार होना ज्यादा जरूरी है।
अब वह समय नहीं रहा जब हर महिला को 20 या 30 की उम्र में ही बच्चा करना जरूरी माना जाता था। अगर कोई महिला मां बनने के लिए तैयार है और उसे लगता है कि यह सही समय है, तो उसे अपने हिसाब से फैसला लेना चाहिए।
प्रेग्नेंसी के दौरान भी करिश्मा तन्ना अपनी फिटनेस का ख्याल रख रही हैं। इसके बारे में बात करते हुए उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया कि प्रेग्नेंसी के बाद भी उन्होंने अपना रूटीन पूरी तरह नहीं छोड़ा।
उनके खाने की पसंद पहले जैसी ही है और वह पहले की तरह ही एनर्जेटिक महसूस करती हैं। हालांकि, प्रेग्नेंसी की वजह से थोड़ी थकान जरूर रहती है, लेकिन उन्होंने एक्सरसाइज और अपनी फिटनेस का ध्यान रखना जारी रखा है।