Daily Good Habits For Kidney: आज के इस लेख में हम किडनी को हेल्दी और फिट रखने के लिए कुछ ऐसी छोटी-छोटी लेकिन जरूरी बातों को शेयर करने जा रहे हैं, जिन्हें फॉलो करके आप अपनी किडनी को हमेशा सेहतमंद रख सकते हैं।
Daily Good Habits For Kidney: किडनी हमारे शरीर का वह साइलेंट हीरो है जो बिना थके रोजाना 24 घंटे काम करती है। चाहे खून को छानना हो, शरीर से गंदगी बाहर निकालना हो या ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करना हो, किडनी अकेले ही सब कुछ बखूबी संभाल लेती है। मजे की बात यह है कि इसे फिट रखना कोई रॉकेट साइंस नहीं है, हमारी छोटी-छोटी आदतें इसके हेल्थ में बड़े बदलाव ला सकती हैं। इसलिए आज के इस लेख में हम किडनी को हेल्दी और फिट रखने के लिए कुछ छोटी-छोटी लेकिन जरूरी बातों को शेयर करने जा रहे हैं, जिन्हें फॉलो करके आप अपनी किडनी को हमेशा सेहतमंद रख सकते हैं। आइए जानते हैं।
किडनी के लिए पानी किसी ईंधन से कम नहीं है क्योंकि यह शरीर से जहरीले पदार्थों यानी टॉक्सिन्स को बाहर निकालने में मदद करता है। इसलिए शरीर को हाइड्रेटेड रखना बहुत जरूरी है, लेकिन ध्यान दें पानी एक बार में बहुत सारा पीने के बजाय थोड़ा-थोड़ा करके घूंट-घूंट पिएं। इससे किडनी पर एकदम से दबाव नहीं पड़ता। अगर आपको सादा पानी पीना पसंद नहीं है, तो आप पानी में नींबू या खीरा डालकर उसे टेस्टी बना सकते हैं। इसके अलावा बता दें, आप शरीर के जरूरत के अनुसार पानी पी रहे हैं या नहीं इसका पता आप अपने पेशाब के रंग से लगा सकते हैं।
ज्यादा नमक और चीनी किडनी के सबसे बड़े दुश्मन होते हैं। खाने में ज्यादा नमक लेने से ब्लड प्रेशर बढ़ता है, जिसका सीधा असर किडनी की बारीक नसों पर पड़ता है। वहीं, ज्यादा मीठा खाने से शुगर लेवल बढ़ सकता है जो किडनी पर बेवजह का बोझ डालता है। इसलिए समय-समय पर अपना शुगर लेवल चेक कराते रहें और संतुलित नमक और चीनी खाने मेेंं खाएं।
आजकल जरा सा सिर दर्द या बदन दर्द होने पर हम तुरंत पेनकिलर खा लेते हैं। कभी-कभार तो यह ठीक है, लेकिन बिना डॉक्टर की सलाह के बार-बार पेनकिलर लेना किडनी को अंदर से काफी नुकसान पहुंचा सकता है। इसलिए अगर दर्द पुराना है, तो दवाइयों पर निर्भर रहने के बजाय डॉक्टर से मिलकर उसका सही कारण पता करना ज्यादा समझदारी है।
किडनी को स्वस्थ रखने के लिए आपको घंटों जिम में पसीना बहाने की जरूरत नहीं है। रोजाना बस 30 मिनट की तेज सैर, साइकिल चलाना या घर के कामों में एक्टिव रहना ही काफी है। इसके अलावा, पैकेट बंद चिप्स, नमकीन या सोडा से दूरी बनाएं और अपनी डाइट में ताजे फल, हरी सब्जियां और साबुत अनाज को ज्यादा जगह दें।
नींद सिर्फ आपके दिमाग को आराम नहीं देती, बल्कि यह किडनी के लिए भी बहुत जरूरी है। रात में ली गई 7 से 8 घंटे की गहरी नींद किडनी को खुद को रिपेयर करने का समय देती है। इसलिए रोजाना पर्याप्त नींद जरूर लें ताकि आपकी किडनी हेल्दी रहें।