
Knee High Boots Styling Tips: सर्दियों में बूट्स पहनना ज्यादातर लोगों को पसंद होता है, लेकिन लंबे बूट्स को कैसे स्टाइल करें, यह सवाल अक्सर उलझन में डाल देता है। कई बार गलत कपड़ों के साथ पहनने पर बूट्स लुक में खराब दिखने लगते हैं। वहीं सही कॉम्बिनेशन चुन लिया जाए, तो एक साधारण आउटफिट भी स्टाइलिश लग सकता है। ऐसे में आइए जानते हैं सर्दियों में लंबे बूट्स को किन कपड़ों के साथ स्टाइल किया जा सकता है।
लंबे बूट्स को स्टाइल करने का सबसे आसान तरीका स्किनी जींस के साथ पहनना है। इसके लिए जींस को बूट्स के अंदर टक कर लें और ऊपर से ओवरसाइज्ड स्वेटर या हाई नेक टॉप पहनें। इससे पैर पूरी तरह कवर रहते हैं और सर्दी भी कम लगती है। चाहें तो ऊपर से लेदर जैकेट डालकर इसे थोड़ा बोल्ड लुक दे सकती हैं।
सर्दियों में ड्रेस के साथ लंबे बूट्स पहनना एक अच्छा विकल्प है। कमर पर बेल्ट लगा लें, तो ड्रेस का शेप भी बेहतर दिखता है और लुक ज्यादा स्मार्ट लगता है। ऐसे में बूट्स न्यूट्रल रंग के चुनें, ताकि ड्रेस और बेल्ट अलग से नजर आएं।
मिडी ड्रेस और स्कर्ट के साथ लंबे बूट्स पहनने पर आउटफिट एलिगेंट दिखता है। अगर ज्यादा ठंड लगती है, तो ड्रेस के नीचे थर्मल लेयर या मोटी टाइट्स पहन सकती हैं, जो बूट्स के अंदर छिप जाएंगी। फ्लोरल या प्रिंटेड ड्रेस के साथ प्लेन और डार्क रंग के बूट्स ज्यादा अच्छे लगते हैं। ऊपर से लंबा कोट डाल लें, तो पूरा लुक ज्यादा क्लासी हो जाता है।
अगर आपके बूट्स भारी या चंकी हैं, तो उन्हें स्कर्ट, ड्रेस, लेगिंग्स या स्लिम पैंट के साथ पहनना बेहतर रहता है। इसकी वजह यह है कि भारी बूट्स के साथ ढीले कपड़े पहन लेने पर पूरा लुक भारी लगने लगता है। लेगिंग्स के साथ आप लंबी कुर्ती या ओवरसाइज्ड स्वेटर पहन सकती हैं। इससे आराम भी बना रहता है और लुक भी स्मार्ट दिखता है।
अगर आप कुछ अलग ट्राई करना चाहती हैं, तो लंबी या घुटनों तक की कुर्ती को लेगिंग्स और बूट्स के साथ पहन सकती हैं। इसके ऊपर शॉल या जैकेट डालकर इंडो-वेस्टर्न लुक पाया जा सकता है। यह कॉम्बिनेशन ऑफिस या दिन के छोटे फंक्शन के लिए ठीक रहता है। बस ध्यान रखें कि कुर्ती का कपड़ा ज्यादा भारी न हो, वरना बूट्स के साथ वह अजीब दिख सकती है।
लंबे कोट और बूट्स की जोड़ी सर्दियों में सबसे ज्यादा पसंद की जाती है। कैमल या ग्रे रंग का कोट, क्रीम स्वेटर और ब्राउन बूट्स मिलकर एक क्लासी टोनल लुक बनाते हैं। अगर आपको कुछ बोल्ड चाहिए, तो डेनिम या लेदर जैकेट के साथ चंकी बूट्स पहन सकती हैं। एक साथ बहुत ज्यादा रंग और लेयर्स पहनने से बचें, वरना लुक भारी लग सकता है।
अगर आपकी हाइट कम है, तो हल्की हील वाले बूट्स फ्लैट बूट्स के मुकाबले ज्यादा अच्छे लग सकते हैं, क्योंकि स्टाइलिस्ट्स के मुताबिक थोड़ी ऊंचाई लुक को बैलेंस करती है। बूट्स ऐसे चुनें जिनकी फिटिंग ठीक हो, ताकि चलते समय दिक्कत न हो। चौड़ी या फ्लेयर्ड जींस पहन रही हैं, तो उसे बूट्स के ऊपर से कवर करें। वहीं स्ट्रेट या स्किनी जींस को बूट्स में टक करना बेहतर रहता है।