
Lunch Box Cleaning Tips: किचन में इस्तेमाल होने वाली ज्यादातर चीजों को साफ देखने के बाद हमें लगता है कि ये पूरी तरह साफ हैं और इनके इस्तेमाल से स्वास्थ्य से जुड़ी कोई परेशानी नहीं होगी। लेकिन इंस्टाग्राम पर माइक्रोबायोलॉजिस्ट ने एक वीडियो शेयर कर बताया है कि साफ दिखने वाली चीजें भी अंदर से गंदी हो सकती हैं। आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला।
आज के समय में ज्यादातर लंच बॉक्स को लीक प्रूफ बनाने के लिए ढक्कन में रबर की सील लगी होती है। लंच बॉक्स धोते समय कई लोग इस रबर सील को या तो साफ ही नहीं करते या फिर किसी नुकीली चीज से निकालकर साफ करते हैं। इससे रबर सील में छोटे छेद या दरारें पड़ जाती हैं, जिनमें पानी और खाने के छोटे टुकड़े फंसे रह जाते हैं। इसी बात को ध्यान में रखते हुए दुबई में रहने वाली माइक्रोबायोलॉजिस्ट Neethu Sureshkumar ने इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए एक वीडियो में टिफिन के ढक्कन की रबर सील दिखाते हुए बताया कि अगर इसकी नियमित और सही तरीके से सफाई न की जाए, तो उसमें काले धब्बे और फफूंदी पनप सकती है। यह फफूंदी नमी और गंदगी की वजह से बढ़ती है, जिसके छोटे कण खाने तक पहुंचकर उसे भी दूषित कर सकते हैं।
अगर रबर की सील की सफाई ठीक से नहीं की जाती, तो फफूंदी के छोटे कण खाने तक पहुंच सकते हैं। इससे खाना दूषित हो सकता है। इसलिए सिर्फ डिब्बे का अंदर वाला हिस्सा धोना काफी नहीं है, बल्कि ढक्कन और उसकी रबर की सील की भी अच्छी तरह सफाई करना जरूरी है।
रबर की सील को समय समय पर निकालकर गर्म पानी और साबुन से अच्छी तरह धोएं। इसके बाद उसे पूरी तरह सूखने दें और फिर वापस लगाएं। अगर सील गीली रह जाएगी, तो दोबारा फफूंदी बनने की संभावना बढ़ सकती है। लंच बॉक्स को धोने के बाद उसे पूरी तरह सुखाकर रखें। अगर संभव हो, तो ढक्कन को थोड़ा खुला छोड़ दें ताकि अंदर नमी जमा न हो। इससे फफूंदी बनने का खतरा काफी कम हो जाता है। अगर अच्छी तरह साफ करने के बाद भी काले धब्बे नहीं हटते, तो रबर की सील या पूरा ढक्कन बदल देना बेहतर है।
सिर्फ लंच बॉक्स ही नहीं, बल्कि किचन में इस्तेमाल होने वाली कई चीजों की नियमित सफाई भी जरूरी है। इनमें किचन डिशवॉशिंग स्पंज, कटिंग बोर्ड, फ्रिज का हैंडल, बर्तन सुखाने वाला रैक, मसालों के डिब्बे, माइक्रोवेव का अंदरूनी हिस्सा और कूड़ेदान का ढक्कन शामिल हैं। इन जगहों पर भी नमी, गंदगी और खाने के कण जमा होने से बैक्टीरिया और फफूंदी पनप सकती है।