
झाडू साफ करने के आसान Cleaning Hacks/ image credit instagram/swati_nehra_9 and youtube/@RichasManor
How To Clean New Broom: बाजार से नया झाडू खरीदकर लाने के बाद उसे सीधे इस्तेमाल नहीं करना चाहिए, क्योंकि कई बार नया झाडू शुरुआती दिनों में घर को साफ करने की बजाय उसे और भी ज्यादा गंदा कर देता है। ऐसे में घर को पूरी तरह साफ करने के लिए कई बार झाडू लगाना पड़ता है, क्योंकि झाडू से बारीक कचरा, धूल और छोटे छोटे रेशे झड़कर गिरते रहते हैं। इसलिए आइए जानते हैं कि नए झाडू को कैसे साफ करें, जिससे उसमें से निकलने वाला कचरा घर में न फैले।
ज्यादातर झाडू पैकेट में आते हैं। ऐसे में इसे सीधे बाहर निकालकर इस्तेमाल करने से पहले पैकेट के अंदर ही हल्के हाथों से अच्छी तरह रगड़ के साफ कर लें। इससे झाडू में मौजूद ज्यादातर गंदगी और कचरा पैकेट में ही झड़कर निकल जाएगा। अगर पैकेट नहीं है, तो आप किसी बड़े कपड़े में लपेटकर भी ऐसा कर सकते हैं।
अब झाडू को बाहर निकालें और कपड़े साफ करने वाले ब्रश से उसके तिनकों को ऊपर से नीचे की तरफ धीरे धीरे साफ करें। जैसे बालों में कंघी की जाती है, वैसे ही झाडू के तिनकों को भी साफ करें। इससे छोटे रेशे और बची हुई धूल आसानी से निकल जाएगी।
अब झाडू को घर के बाहर, बालकनी, आंगन या किसी खुली जगह पर दो तीन बार हल्का झटकें। इससे जो भी बारीक कचरा बचा होगा, वह बाहर ही गिर जाएगा।
अगर संभव हो तो पहली बार झाडू का इस्तेमाल हल्के गीले फर्श पर करें। इससे जो कचरा गिरेगा, वह उड़कर फैलने की बजाय फर्श पर ही चिपक जाएगा, जिसे बाद में पोछे से आसानी से साफ किया जा सकता है।
अब आप झाडू का इस्तेमाल घर के अंदर सफाई के लिए कर सकते हैं। लेकिन ध्यान रखें कि झाडू को लंबे समय तक सही रखने और अच्छी सफाई के लिए उसे हमेशा साफ जगह पर रखें। झाडू को दीवार के सहारे खड़ा करके न रखें, क्योंकि इससे उसके तिनके मुड़ जाते हैं और झाडू जल्दी खराब होने लगता है। साथ ही, गंदी जगह पर रखने से झाडू में लगी धूल और गंदगी अगली बार सफाई करते समय फिर से पूरे कमरे में फैल सकती है।
Updated on:
13 Jul 2026 11:44 am
Published on:
13 Jul 2026 11:44 am
