
खिड़की साफ करने के लिए Cleaning Tips (representative image) image credit chatgpt and instagram/alshihacks
Window Glass Cleaning Tips: बारिश की शुरुआत हो चुकी है। ऐसे में अगर आप खिड़की से खूबसूरत बारिश के नजारों का आनंद उठाना चाहते हैं, तो यहां बताए गए 5 आसान तरीकों से खिड़की के कांच पर लगे दाग-धब्बों के साथ ही फ्रेम और ग्रिल को भी आसानी से साफ कर सकते हैं।
खिड़की के कांच की सफाई करने से पहले फ्रेम में जमी धूल और मिट्टी को साफ करें। इसके लिए सबसे पहले किसी पेंट ब्रश या पतले ब्रश की मदद से फ्रेम के कोनों और किनारों में जमी धूल को बीच में इकट्ठा करें। इसके बाद पेपर के छोटे से टुकड़े की मदद से सारी धूल और कचरा निकाल दें।
अब एक स्प्रे बोतल में विनेगर, पानी और थोड़ा सा लिक्विड डिशवॉश मिलाकर घोल तैयार करें। इस घोल को फ्रेम पर स्प्रे करें और पेपर या कपड़े से अच्छी तरह रगड़कर साफ करें। आखिर में सूखे और साफ कपड़े से पोंछ दें। इससे खिड़की का फ्रेम साफ हो जाएगा।
अगर कांच पर ज्यादा जिद्दी दाग नहीं हैं, तो हल्के गुनगुने पानी में थोड़ा सा लिक्विड डिशवॉश मिलाकर माइक्रोफाइबर कपड़े से कांच पर सॉल्यूशन लगाएं। इसके बाद सॉफ्ट स्क्रबर से हल्के हाथों से रगड़ें और आखिर में वाइपर से साफ करें। इससे कांच बिना दाग और निशान के चमकने लगेगा।
अगर खिड़की बड़ी है और हाथ आसानी से नहीं पहुंच रहा है, तो घर पर ही एक आसान DIY टूल बना सकते हैं। इसके लिए एक माइक्रोफाइबर कपड़े को पानी या क्लीनिंग सॉल्यूशन में भिगो लें। अब इस कपड़े को किसी लंबे डंडे या रॉड पर अच्छी तरह बांध दें। इसकी मदद से आराम से ऊंची या बड़ी खिड़की के कांच को रगड़कर साफ किया जा सकता है।
अगर खिड़की ऐसी जगह लगी है, जहां बाहर की तरफ हाथ नहीं पहुंचता, तो बाजार में मिलने वाले मैग्नेटिक विंडो क्लीनर का इस्तेमाल किया जा सकता है। इस टूल के दो हिस्से होते हैं। एक हिस्सा खिड़की के बाहर लगाया जाता है, जिसमें सुरक्षा के लिए रस्सी लगी होती है। दूसरा हिस्सा अंदर की तरफ रहता है। दोनों हिस्सों में लगे मैग्नेट एक-दूसरे से चिपक जाते हैं। जैसे ही आप अंदर वाला हिस्सा चलाते हैं, बाहर वाला हिस्सा भी साथ चलता है और कांच की दोनों तरफ एक साथ सफाई हो जाती है।
खिड़की के कांच और ग्रिल साफ करने के लिए विनेगर में थोड़ा सा लिक्विड डिशवॉश मिलाकर स्प्रे बोतल में भर लें। जरूरत पड़ने पर इसे कांच पर स्प्रे करें और माइक्रोफाइबर कपड़े से साफ कर लें। यही सॉल्यूशन खिड़की की आयरन ग्रिल साफ करने के लिए भी इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे ग्रिल पर जमी धूल और गंदगी भी आसानी से साफ हो जाती है।
ध्यान रखें कि ज्यादा क्लीनिंग लिक्विड इस्तेमाल करने से कांच ज्यादा साफ नहीं होता। बल्कि लिक्विड सूखने के बाद कांच पर निशान छोड़ सकता है। इसलिए जरूरत के हिसाब से ही क्लीनिंग सॉल्यूशन का इस्तेमाल करें।
Updated on:
13 Jul 2026 01:16 pm
Published on:
13 Jul 2026 12:28 pm
