लाइफस्टाइल

अनोखी शादी : मैक्सिकन मेयर ने मगरमच्छ से रचाई शादी, Crocodile Wedding का वीडियो देखिए, जानिए क्या है ये रिवाज

Mexico Crocodile Wedding Video : आज की स्टोरी में एक अनोखी शादी के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसके बारे में जानकर आप हैरान रह जाएंगे! क्योंकि इसमें दूल्हा किसी इंसान से नहीं, बल्कि एक मादा मगरमच्छ से शादी करता है।
2 min read
Jul 03, 2026
Mexico Crocodile Marriage, San Pedro Huamelula Tradition
Mexico Crocodile Marriage/image credit facebook/Reuters and chatgpt

Magarmach Se Shaadi: सोशल मीडिया पर आए दिन शादी से जुड़े तरह-तरह के वीडियो वायरल होते रहते हैं। कुछ वीडियो लोगों को खूब पसंद आते हैं, तो कुछ को देखकर लोग हैरान रह जाते हैं। इन दिनों फेसबुक पर भी एक ऐसा ही वीडियो तेजी से लोग शेयर कर रहे है, जिसमें एक शख्स मादा मगरमच्छ से शादी करता दिखाई दे रहा है। वीडियो देखने के बाद लोग अलग-अलग तरह के रिएक्शन दे रहे हैं। आइए जानते हैं आखिर इस वीडियो की पूरी सच्चाई क्या है।

मैक्सिको के मेयर ने की मगरमच्छ से शादी

वायरल वीडियो में दिख रहा दूल्हा कोई आम आदमी नहीं, बल्कि वीडियो में लिखी जानकारी के अनुसार मैक्सिको के मेयर हैं। वीडियो में मेयर एक मादा मगरमच्छ के साथ शादी की रस्में निभाते नजर आते हैं। पहली नजर में यह सब काफी अजीब लगता है, लेकिन असल में इसके पीछे कई साल पुरानी परंपरा जुड़ी हुई है।

230 साल से चली आ रही है यह परंपरा

दक्षिणी मैक्सिको के सैन पेड्रो हुआमेलुला शहर में यह परंपरा करीब 230 साल से निभाई जा रही है। यहां के लोगों का मानना है कि यह शादी चोंटल और हुआवे नाम के दो स्वदेशी समुदायों के बीच शांति, भाईचारे और एकता का प्रतीक है। इस रस्म में शहर के मेयर को चोंटल राजा का प्रतीक माना जाता है, इसलिए मेयर की मादा मगरमच्छ से शादी कराई जाती हैं।

मगरमच्छ को माना जाता है राजकुमारी

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यहां के लोग इस मादा मगरमच्छ को सिर्फ एक जानवर नहीं मानते, बल्कि उसे राजकुमारी का रूप मानते हैं। इसलिए शादी से पहले उसे दुल्हन की तरह तैयार किया जाता है। उसे पारंपरिक कपड़े पहनाए जाते हैं और बाद में सफेद वेडिंग गाउन भी पहनाया जाता है। इसके साथ ही सुरक्षा के लिए उसके मुंह को रिबन से बांध दिया जाता है, ताकि समारोह के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

शादी के बाद किया डांस और किस

वीडियो में मेयर पारंपरिक सफेद पोशाक पहने शादी की रस्में पूरी करने के बाद अपनी मगरमच्छ दुल्हन के साथ डांस करने के साथ ही किस करते दिख रहे हैं। शादी के दौरान टाउन हॉल में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौजूद हैं।

Published on:
03 Jul 2026 11:29 am