27 जून 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सुहागरात पर दुल्हन को फोन पर बात करते सुना तो रह गया दंग, पन्ना में पति के सामने खुला राज

Marriage Fraud Case: सुहागरात पर दुल्हन अपने साथी से फोन पर बातचीत करते हुए कह रही थी- 'मैं इन्हें चकमा देकर आ जाऊंगी तुम मेरे पैसे तैयार रखना'।
2 min read
Google source verification
panna

marriage fraud case bride cheating husband, सुहागरात पर दुल्हन बना रही थी भागने का प्लान, प्रतीकात्मक तस्वीर (source-AI)

Panna Marriage Fraud Case: मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में एक युवक लुटेरी दुल्हन का शिकार होते-होते बच गया। उसकी शादी तो हो गई लेकिन सुहागरात में ही वो दुल्हन का राज जान गया और अगली सुबह बहन के साथ मिलकर दुल्हन को पकड़कर थाने ले गया। पुलिस ने पीड़ित पति की शिकायत पर पकड़ी गई महिला सहित तीन लोगों पर मामला दर्ज किया है। घटना अमानगंज थाना क्षेत्र की है। पीड़ित युवक ने दो लाख रुपये देकर महिला के साथ शादी की थी।

दो लाख रुपये में तय हुआ शादी का सौदा

अमानगंज थाना क्षेत्र के मुकेहा गांव में रहने वाले 35 वर्षीय केतार सिंह राजपूत ने थाना अमानगंज में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उसकी पहली पत्नी एवं इकलौते पुत्र की मृत्यु हो चुकी है। परिवार के कहने पर वह दोबारा विवाह के लिए लड़की की तलाश कर रहा था। इसी दौरान 18 जून को उसके मोबाइल पर नीरज पटेल नामक व्यक्ति का फोन आया, जिसने जबलपुर निवासी अंजली टेकाम से शादी कराने का प्रस्ताव दिया और इसके लिए 2 लाख 20 हजार रुपये की मांग की। बातचीत के बाद सौदा दो लाख रुपये में तय हो गया।

24 जून को मंदिर में हुई शादी

शिकायतकर्ता के अनुसार 24 जून को वह अपनी बहन, जीजा और एक साथी के साथ पवई पहुंचा। जहां नीरज पटेल, अंजली टेकाम और जानकी नामक महिला मिले। कोर्ट में नोटरी कराने के बाद कलेही माता मंदिर में विवाह की रस्म पूरी कराई गई। इसके बाद सभी लोग अमानगंज-पवई मार्ग स्थित एक लॉज पहुंचे। जहां शिकायतकर्ता ने अपनी बहन, जीजा, साथी तथा दोनों महिलाओं की मौजूदगी में नीरज पटेल को दो लाख रुपये दे दिए। रात में शिकायतकर्ता और अंजली लॉज में रुके।

सुहागरात पर सुनी दुल्हन की बातचीत

इसी दौरान अंजली ने सोने का बहाना बनाकर मोबाइल पर नीरज पटेल से बातचीत की। उसने अंजली को यह कहते हुए सुना कि काम हो गया है, मेरे हिस्से के रुपये तैयार रखना। मैं सुबह इन्हें चकमा देकर जबलपुर लौट आऊंगी। यह सुनकर उसे पूरे मामले पर संदेह हो गया। अगली सुबह शिकायतकर्ता ने पूरी बात अपनी बहन को बताई। कुछ देर बाद अंजली बाल सुखाने का बहाना बनाकर लॉज से भागने लगी लेकिन शिकायतकर्ता की बहन ने दौड़कर उसे पकड़ लिया।

पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ दर्ज किया मामला

पूछताछ में अंजली ने कहा कि वह नीरज को बुलाकर रुपये वापस करा देगी। परिवार दिनभर नीरज का इंतजार करता रहा, लेकिन उसके नहीं आने पर उन्हें अपने साथ ठगी होने का अहसास हुआ। इसके बाद अंजली को साथ लेकर सभी लोग अमानगंज थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर नीरज पटेल, अंजली टेकाम एवं जानकी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। मामले की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।