
Monsoon 2026 Plantation : मानसून के आते ही प्लांट लवर पेड़-पौधे लगाने के लिए नर्सरी से पौधे या बीज खरीदकर लगाना शुरू कर देते हैं क्योंकि इस मौसम में मिट्टी में नमी रहती है और पौधे दूसरे मौसम की तुलना में काफी अच्छे से विकास करते हैं। इसलिए आज की स्टोरी में हम 5 ऐसे लोकप्रिय फूलों के बारे में बता रहे हैं जिन्हें अगर आप मानसून 2026 में लगाते हैं तो हर साल फूल मिलते रहेंगे और ये लो मेंटेनेंस भी होते हैं। आइए जानते हैं ये कौन-कौन से फूल हैं।
गुलाब एक ऐसा पौधा है जो ज्यादातर लोगों के घरों में आसानी से मिल जाता है। अगर आप इस मानसून में कोई ऐसा पौधा लगाना चाहते हैं जो देखने में सुंदर हो और जिसकी खुशबू भी अच्छी हो, तो गुलाब सबसे अच्छा ऑप्शन है। इसे आप नर्सरी से पौधा खरीदकर या किसी जानने वाले के घर से डाल (कटिंग) लेकर भी लगा सकते हैं। लगाने के लिए मिट्टी में थोड़ी रेत और गोबर की खाद मिलाएं ताकि पानी जमा न हो। इसे ऐसी जगह रखें जहां सुबह की हल्की धूप आए। ज्यादा पानी देने से जड़ें खराब हो सकती हैं, इसलिए सिर्फ हल्की नमी बनाए रखें। हर 15–20 दिन में खाद देने से पौधा अच्छे से बढ़ता है और जल्दी फूल देता है।
गुड़हल एक ऐसा फूल है जिसका इस्तेमाल पूजा में भी बहुत किया जाता है और इससे कई तरह के DIY स्किन और हेयर केयर भी बनते हैं। आप इसे भी मानसून में आसानी से लगा सकते हैं, चाहे नर्सरी पौधा हो या कटिंग। इसे हमेशा खुली और धूप वाली जगह पर लगाएं। बारिश के बाद अगर पानी जमा हो जाए तो उसे तुरंत निकाल दें। समय-समय पर सूखी पत्तियां और टहनियां काटते रहें, इससे नए फूल ज्यादा आते हैं और पौधा हेल्दी रहता है।
चमेली एक बेल वाला पौधा है जो मानसून में आसानी से कटिंग से भी लग जाता है। इसे किसी दीवार, जाली या सपोर्ट पर चढ़ाया जा सकता है ताकि यह अच्छा शेप ले सके। इसे हल्की धूप और थोड़ी नमी वाली जगह पसंद होती है। ज्यादा पानी देने से बचें और महीने में एक बार जैविक खाद जरूर डालें। इससे पौधा तेजी से बढ़ता है और खुशबूदार फूल देता है।
अगर आप घर के गेट या दीवारों के लिए कम देखभाल वाला पौधा लगाना चाहते हैं तो बोगनवेलिया अच्छा विकल्प है। यह कम पानी में भी अच्छे से बढ़ता है। मानसून में ध्यान रखें कि इसके आसपास पानी जमा न हो, वरना जड़ें खराब हो सकती हैं। इसे धूप वाली जगह पर रखें और समय-समय पर छंटाई करते रहें, इससे ज्यादा और रंगीन फूल आते हैं।
सदाबहार एक ऐसा पौधा है जो हर मौसम में फूल देता है और आसानी से किसी भी जगह लग जाता है। मानसून में इसे हल्की धूप वाली जगह पर लगाएं। मिट्टी को ज्यादा गीला न रखें। हर 15–20 दिन में थोड़ी खाद डालते रहें और सूखे फूल हटाते रहें, इससे नए फूल जल्दी आते हैं और पौधा लगातार खिलता रहता है।