लाइफस्टाइल

Navratri Fasting Tips: नवरात्रि व्रत में सिर्फ आलू और साबूदाना नहीं, इन चीजों से बनाएं हेल्दी मील

Navratri Fasting Tips: व्रत के दौरान रोज एक जैसा खाना खाने के बजाय कुछ अलग और पौष्टिक विकल्प आजमाना चाहते हैं, तो ये डाइट टिप्स आपके काम आ सकते हैं। जानिए किन चीजों को खाने में शामिल करके नवरात्रि में अपनी डाइट को बेहतर बना सकते हैं।
3 min read
• •
Oct 15, 2026
Healthy Vrat Meals Tips
नवरात्रि के लिए Healthy Vrat Meals Tips(representative image) image credit gemini

Healthy Vrat Meals Tips:  नवरात्रि में व्रत रखते समय अक्सर लोग आलू, साबूदाना और तली हुई चीजें ज्यादा खाते हैं। इससे पेट तो भर जाता है, लेकिन हर बार शरीर को जरूरी पोषण नहीं मिल पाता। ऐसे में व्रत के दौरान खाने में थोड़ा बदलाव करके थाली को ज्यादा पौष्टिक बना सकते हैं। राजगिरा, कुट्टू, समा के चावल, दही, पनीर, फल और मखाना जैसे विकल्पों से अलग अलग तरह के मील तैयार किए जा सकते हैं। साथ ही, खाने के समय और पानी पीने का ध्यान रखना भी जरूरी है। आइए जानते हैं कि नवरात्रि व्रत में किन चीजों को डाइट में शामिल कर सकते हैं और किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।

साबूदाने की जगह खाएं राजगिरा

व्रत में साबूदाने की खिचड़ी या वड़े खाना लोग ज्यादा पसंद करते है, लेकिन साबूदाने में मुख्य रूप से स्टार्च और कार्बोहाइड्रेट होते हैं। इसमें प्रोटीन और फाइबर की मात्रा कम होती है। ऐसे में आप राजगिरा को आप अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं। राजगिरा से खिचड़ी, चीला, दलिया या रोटी बनाई जा सकती है। इसमें व्रत में खाई जाने वाली सब्जियां मिलाने से मील में पोषण और स्वाद दोनों बढ़ सकते हैं।

कुट्टू और सिंघाड़े के आटे से बनाएं अलग अलग डिश

नवरात्रि में हर दिन पूड़ी या पराठा खाने के बजाय कुट्टू और सिंघाड़े के आटे से अलग अलग चीजें बना सकते हैं। कुट्टू के आटे से रोटी, चीला या कम तेल में बना पराठा तैयार किया जा सकता है। वहीं, सिंघाड़े के आटे का इस्तेमाल भी व्रत के कई व्यंजनों में किया जाता है।

समा के चावल से बनाएं पौष्टिक मील

अगर आप हर दिन साबूदाने की खिचड़ी खाकर बोर हो गए हैं, तो समा के चावल एक अच्छा विकल्प हो सकते हैं। इनसे खिचड़ी, पुलाव या दही के साथ हल्का मील बनाया जा सकता है। इसमें व्रत में खाई जाने वाली सब्जियां मिलाने से टेस्ट बदल जाता है।

डाइट में शामिल करें दही, दूध और पनीर

व्रत के दौरान कई लोग केवल फल, आलू या साबूदाने से पेट भरते हैं। ऐसे में अगर आपकी व्रत परंपरा में डेयरी उत्पादों की अनुमति है, तो दही, दूध और पनीर भी डाइट का हिस्सा बन सकते हैं। इनसे प्रोटीन और कैल्शियम मिलता है। नाश्ते में दही के साथ फल या थोड़े मेवे ले सकते हैं। दोपहर के खाने में पनीर की सब्जी या दही के साथ समा के चावल खाए जा सकते हैं। वहीं, दूध को भी अपनी भूख और जरूरत के अनुसार शामिल कर सकते हैं।

आलू की जगह दूसरी सब्जियां भी शामिल करें

व्रत के दौरान आलू से कई तरह की डिश बनाई जाती हैं, लेकिन हर मील में आलू खाने के बजाय रताला, लौकी, कद्दू और दूसरी ऐसी सब्जियां भी शामिल कर सकते हैं, जिन्हें आपके व्रत में खाने की अनुमति हो। ध्यान दें, इन्हें डीप फ्राई करने के बजाय उबालकर, भूनकर या कम तेल में पकाने की कोशिश करें। इससे खाने में तेल की मात्रा कम रखने में मदद मिल सकती है।

फल और पानी को न करें नजरअंदाज

व्रत में फल खाना एक आसान विकल्प है। सेब, अमरूद, संतरा और पपीता जैसे फलों को अपनी पसंद और उपलब्धता के अनुसार खा सकते हैं। साबुत फल खाने से फाइबर भी मिलता है, इसलिए हर बार जूस पीने के बजाय फल खाना बेहतर विकल्प हो सकता है। इसके साथ दिनभर नियमित अंतराल पर पानी पीते रहें। नारियल पानी, नींबू पानी या छाछ भी लिए जा सकते हैं। बहुत ज्यादा मीठे पेय और पैकेट वाले ड्रिंक्स को रोजाना पीने से बचें।

व्रत रखने से पहले करें तैयारी

क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) के अनुसार, व्रत के दौरान सेहत का ध्यान रखने के लिए पहले से तैयारी करना जरूरी है। व्रत शुरू करने से पहले मीठी चीजों का सेवन कम करें और खाने में संतुलित पोषण का ध्यान रखें। अगर व्रत में पानी पीने की अनुमति है, तो शरीर में पानी की कमी न होने दें। व्रत के दौरान ज्यादा मेहनत वाली एक्सरसाइज से बचें और ऊर्जा बचाकर रखें। व्रत खोलते समय एक साथ बहुत ज्यादा खाने के बजाय धीरे धीरे भोजन करें। अगर आप नियमित दवाएं लेते हैं या डायबिटीज और किडनी की बीमारी जैसी स्वास्थ्य समस्या है, तो व्रत रखने से पहले डॉक्टर से सलाह जरूर लें।

Disclaimer: यह लेख सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। नवरात्रि व्रत के दौरान खानपान से जुड़ी जरूरतें हर व्यक्ति की उम्र, स्वास्थ्य और शारीरिक गतिविधियों के अनुसार अलग-अलग हो सकती हैं। किसी भी डाइट में बदलाव करने से पहले अपनी व्रत परंपरा और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों का ध्यान रखें।

Updated on:
16 Oct 2026 09:16 am
Published on:
15 Oct 2026 09:24 pm